Hindi News

गुरुग्राम में बीजेपी अध्यक्ष का कांग्रेस पर हमला-‘सेना का मनोबल गिराना राष्ट्रविरोधी मानसिकता’

Written by:Vijay Choudhary
Published:
कांग्रेस अब राष्ट्र की बजाय केवल अपने वंश के लिए काम कर रही है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने राष्ट्र को सर्वोपरि रखा है।
गुरुग्राम में बीजेपी अध्यक्ष का कांग्रेस पर हमला-‘सेना का मनोबल गिराना राष्ट्रविरोधी मानसिकता’

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष

हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल अपने परिवार की चिंता करती है, जबकि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य राष्ट्रहित में नीतियों और कार्यों को अमल में लाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस न केवल राजनीति में दिशाहीन हो गई है, बल्कि अब उसके पास कोई संगठनात्मक ताकत भी नहीं बची है। बड़ौली गुरुग्राम स्थित बीजेपी के गुरुकमल कार्यालय में एक अहम संगठनात्मक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने संगठन विस्तार, कांग्रेस पर हमला, जलभराव की स्थिति और आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों पर विस्तार से जानकारी दी।

परिवार की राजनीति से आगे नहीं बढ़ी कांग्रेस

मोहन लाल बड़ौली ने कांग्रेस को परिवारवादी पार्टी बताते हुए कहा कि उसके नेता केवल सत्ता के लिए राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस अब राष्ट्र की बजाय केवल अपने वंश के लिए काम कर रही है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने राष्ट्र को सर्वोपरि रखा है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कथित संगठित ढांचा महज दिखावा है, जो जमीन पर कहीं नज़र नहीं आता। लोकसभा सत्रों को बार-बार बाधित कर कांग्रेस लोकतंत्र का उपहास उड़ा रही है।

गुरुग्राम महानगर की घोषणा

बड़ौली ने संगठन विस्तार को बीजेपी की मजबूती का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पार्टी का संगठन पर्व चल रहा है, जिसके अंतर्गत जिलों और मंडलों की संख्या बढ़ाई गई है। इस क्रम में मानेसर को नया जिला घोषित कर उसका नाम ‘गुरुग्राम महानगर’ रखा गया है।
उन्होंने बताया कि इस नई संरचना के तहत प्रदेश भर में 10 अगस्त तक संगठन की विशेष बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें नए और पुराने कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाकर संवाद स्थापित किया जाएगा।

सेना पर टिप्पणी कर कांग्रेस ने किया अपमान

कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए बड़ौली ने कहा कि वह लगातार भारतीय सेना के मनोबल को कमजोर करने वाले बयान दे रही है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस यदि राजनीति करना चाहती है तो राजनीतिक दलों को घेरें, सेना जैसे संवेदनशील संस्थान पर सवाल खड़ा करना देश विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि भारत की लड़ाई किसी देश से नहीं, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ है। सेना उस लड़ाई को मजबूती से लड़ रही है, लेकिन कांग्रेस के बयान न केवल सेना बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाते हैं।

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां

बड़ौली ने गुरुग्राम में बारिश के कारण हुए जलभराव की स्थिति का निरीक्षण भी किया। नरसिंहपुर इलाके में रेन ड्रेनेज की सफाई न होने पर उन्होंने अधिकारियों की लापरवाही पर नाराज़गी जताई और कहा कि यह प्रशासन की चूक है, जिसे जल्द सुधारा जाएगा। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले की तुलना में शहर में काफी सुधार हुआ है, लेकिन कुछ मौसमी चुनौतियां बनी हुई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने स्वतंत्रता दिवस और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर पार्टी की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।

‘मन की बात’ से बना संगठन का विश्वास

बीजेपी अध्यक्ष ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को हरियाणा में 20 हजार से अधिक स्थानों पर सुना गया, जिससे प्रदेश लगातार दूसरी बार इस कार्य में नंबर वन रहा है। उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि हरियाणा की जनता और संगठन प्रधानमंत्री के साथ पूरी तरह से एकजुट हैं और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।