Hindi News

हरियाणा में अब खिलाड़ी भी पहनेंगे खाकी वर्दी, पुलिस में भर्ती के लिए नायब सरकार ने दी मंजूरी, जानें पूरा मामला

Written by:Vijay Choudhary
Published:
हरियाणा में अब खिलाड़ी भी पहनेंगे खाकी वर्दी, पुलिस में भर्ती के लिए नायब सरकार ने दी मंजूरी, जानें पूरा मामला

हरियाणा के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें मैदान पर जीत के साथ-साथ खाकी पहनने का भी सुनहरा मौका मिलेगा। हरियाणा सरकार ने ऐसे खिलाड़ियों को पुलिस विभाग में सीधी भर्ती देने की योजना बनाई है। यह घोषणा डीजीपी शत्रूजीत कपूर ने 74वें अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती समूह प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर की।

डीजीपी शत्रूजीत कपूर ने कहा कि जल्द ही सरकार से अनुमति लेकर खिलाड़ियों के लिए पुलिस में विशेष भर्ती निकाली जाएगी। उनका कहना था कि मौजूदा समय में पुलिस की ड्यूटी बेहद चुनौतीपूर्ण हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद पुलिसकर्मी अपने खेल और कर्तव्य के बीच संतुलन बनाकर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस के कई खिलाड़ी पहले ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य और पुलिस विभाग का नाम रोशन कर चुके हैं।


2011 के बाद पहली बार सीधी भर्ती

खिलाड़ियों ने इस घोषणा का स्वागत किया है। उनका कहना है कि 2011-12 के बाद से पुलिस विभाग में खिलाड़ियों की सीधी भर्ती नहीं हुई थी। इसके चलते कई हरियाणवी खिलाड़ी राजस्थान और यूपी पुलिस में भर्ती हो गए। अब इस फैसले से स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा फायदा मिलेगा। जिन्होंने देश और प्रदेश के लिए पदक जीते हैं, वे अब पुलिस में सेवा देने के साथ-साथ अपने खेल करियर को भी आगे बढ़ा पाएंगे।


अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती समूह में 1474 खिलाड़ी

यह घोषणा उस वक्त की गई जब मधुबन वच्छेर स्टेडियम में 74वें अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती समूह प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। राज्यपाल असीम कुमार घोष ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस खेल महाकुंभ में केंद्रीय पुलिस बलों और राज्यों की 34 टीमों के 1474 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 1124 पुरुष और 350 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता में आर्म रेसलिंग, बॉडी बिल्डिंग, बॉक्सिंग और कुश्ती की प्रतिभाएं देखने को मिलेंगी।


समापन पर सीएम करेंगे सम्मानित

24 सितंबर को प्रतियोगिता का समापन होगा। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। आयोजन में 130 तकनीकी अधिकारी भी शामिल हैं। खिलाड़ियों का मानना है कि सरकार का यह फैसला न सिर्फ युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगा, बल्कि पुलिस बल को भी नए जोश और प्रतिभा से भर देगा। अब देखना होगा कि इस ऐलान से हरियाणा में खिलाड़ियों के करियर को कितनी नई दिशा मिलती है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Vijay Choudhary
लेखक के बारे में
पछले पांच सालों से डिजिटल पत्रकार हैं. जुनूनी न्यूज राइटर हैं. तीखे विश्लेषण के साथ तेज ब्रेकिंग करने में माहिर हैं. देश की राजनीति और खेल की खबरों पर पैनी नजर रहती है. View all posts by Vijay Choudhary
Follow Us :GoogleNews