सीएम डॉ. मोहन यादव ने 36 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 115 करोड़ बोनस राशि वितरित की, श्योपुर ज़िले के लिए की बड़ी घोषणाएँ

सीएम ने कार्यक्रम में ज़िले के लिए कई सौग़ातें दी। उन्होंने घोषणा की कि यहाँ शबरी माता का मंदिर बनाया जाएगा। इसी के साथ लघुवन उपज प्रबंधकों के वेतन में बढ़ोत्तरी का ऐलान भी किया। ज़िले के लिए कई सड़कें, सब स्टेशन बनाने और तहसील मुख्यालय कराहल का नया भवन बनाने की घोषणा भी की। 
CM

Tendu Leaf Collectors Bonus Transfer : सीएम डॉ मोहन ने श्योपुर ज़िले के कराहल में आज 36 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में 115 करोड़ रुपए की बोनस राशि अंतरित की। इसी के साथ 21 करोड़ 28 लाख रुपए की लागत से निर्मित 13 विकास कार्यो का लोकार्पण भी किया। सीएम ने इस अवसर पर श्योपुर के लिए कई बड़ी घोषणाएँ भी की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक पेड़ माँ के नाम मुहिम के तहत पौधरोपण भी किया। तेंदूपत्ता बोनस राशि वितरण कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, श्योपुर-मुरैना लोकसभा क्षेत्र के सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, जिले के प्रभारी मंत्री तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, वन एवं पर्यावरण मंत्री रामनिवास रावत, कृषि कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंसाना सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने 115 करोड़ की बोनस राशि का वितरण किया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आदिवासी विकासखण्ड मुख्यालय कराहल में आयोजित कार्यक्रम में श्योपुर वन मंडल सहित कुल 6 वन मंडल के 36 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों के खाते में कुल 115 करोड़ रुपए बोनस राशि का वितरण किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को दस साल में 2 हज़ार करोड़ से ज़्यादा बोनस दिया है। बता दें कि इसी साल सरकार ने तेंदूपत्ता संग्रहण की दर 3000 से बढ़ाकर 4000 रुपए मानक बोरा कर दिया था।

श्योपुर ज़िले के लिए सौगातों की झड़ी

सीएम ने इस कार्यक्रम में श्योपुर को कई सौग़ातें दी। उन्होंने घोषणा की कि ‘अब तक लघुवन उपज प्रबंधकों को 13 हज़ार वेतन मिलता है। जिन प्राथमिक सहकारी समितियों का तेंदूपत्ता संग्रहण मानक 500 बोरा तक है, उनको अबसे 14 हज़ार वेतन मिलेगा। वहीं जिन प्राथमिक सहकारी समितियों का तेंदूपत्ता संग्रहण मानक 500-2000 बोरा है उनका वेतन 15 हज़ार किया जाएगा। वहीं जिनका संग्रहण 2000 बोरा से अधिक है उनका वेतन अब 16 हज़ार रूपये वेतन दिया जाएगा। यदि किसी प्रबंधन की सेवाकाल में मृत्यु होती है तो परिवार में पात्र व्यक्ति को अनुकंपा नियुक्ति और एक लाख तक का उपादान दिया जाएगा। प्रबंधकों की सेवा समाप्ति पर एक लाख तक का प्रति व्यक्ति उपादान दिया जाएगा। ज़िले में शबरी माता का मंदिर बनाया जाएगा।’ इसी के साथ मुख्यमंत्री ने ज़िले में कई स्थानों पर सड़क निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने जहां भी स्कूलों में निर्माण और विकास की ज़रूरत है, उन सभी को मंज़ूर किया। इसी के साथ नया सब स्टेशन बनाने और तहसील मुख्यालय कराहल का नया भवन बनाने की घोषणा भी की।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews