Hindi News

आज गृह मंत्री अमित शाह का हिमाचल दौरा, CM सुखविंदर सिंह सुक्खू PM आपदा पैकेज की राशि जारी करने की कर सकते हैं मांग

Written by:Rishabh Namdev
Published:
गृह मंत्री अमित शाह आज हिमाचल दौरे पर हैं। आज का यह दौरा हिमाचल के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। रिपोर्ट्स की मानें तो मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ओर से गृहमंत्री अमित शाह से स्पेशल पैकेज जारी करने की मांग की जा सकती है।
आज गृह मंत्री अमित शाह का हिमाचल दौरा, CM सुखविंदर सिंह सुक्खू PM आपदा पैकेज की राशि जारी करने की कर सकते हैं मांग

आज गृहमंत्री अमित शाह हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। आज शनिवार को वह कांगड़ा जिले में स्थित सशस्त्र सीमा बल प्रशिक्षण केंद्र के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने पहुंचेंगे। इस समारोह में अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गृहमंत्री का स्वागत करने स्वयं सपड़ी पहुंचेंगे। अमित शाह के इस दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ज्वालामुखी सब डिवीजन में आज एयरोस्पेस और सभी प्रकार की हवाई गतिविधियों को रोक दिया गया है।

इसके चलते आज ज्वालामुखी सब डिवीजन में पैराग्लाइडिंग, ड्रोन उड़ान, हॉट एयर बैलूनिंग सहित सभी हवाई गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। दरअसल यह फैसला वीवीआईपी सुरक्षा, सार्वजनिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कर सकते हैं यह मांग

अगर कोई इन सुरक्षा व्यवस्थाओं का उल्लंघन करता है तो IPC की धारा 188 के साथ-साथ अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत उस पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों, प्रबंध पुलिस और अधिकृत निगरानी एजेंसियों पर यह आदेश लागू नहीं होंगे। वहीं इस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ओर से गृहमंत्री से पीएम द्वारा घोषित स्पेशल पैकेज की मांग की जा सकती है। आज इस समारोह में गृहमंत्री अमित शाह के सामने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आपदा राहत के लिए घोषित 1500 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की मांग कर सकते हैं।

अब तक जारी नहीं हुई है आपदा पैकेज की राशि

दरअसल 9 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आपदा पैकेज की घोषणा की गई थी। यह घोषणा धर्मशाला दौरे के दौरान की गई थी। लेकिन ढाई महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है और अब तक यह राशि जारी नहीं हुई है। केंद्र की ओर से सात मंत्रियों को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में आपदा का जायजा लेने के लिए भेजा गया था। केंद्रीय अधिकारियों की टीम भी दो बार हिमाचल आकर आपदा क्षेत्र का जायजा ले चुकी है, लेकिन अब तक केंद्र की ओर से यह राशि जारी नहीं की गई है। ऐसे में आज अमित शाह के दौरे के साथ ही हिमाचल को यह राशि मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं सपड़ी क्षेत्र में होने वाले इस कार्यक्रम के चलते यातायात प्रतिबंध भी लागू कर दिया गया है। बता दें कि आज सुबह 11:15 बजे से मुख्य अतिथि के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने तक और दोपहर 2:00 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक कई मार्गों पर यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews