Hindi News

अनुराग ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, कहा- केंद्र ने दी मदद, लेकिन खर्च नहीं कर पाई सरकार

Written by:Neha Sharma
Published:
हिमाचल प्रदेश में हालिया आपदाओं को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधा है।
अनुराग ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, कहा- केंद्र ने दी मदद, लेकिन खर्च नहीं कर पाई सरकार

हिमाचल प्रदेश में हालिया आपदाओं को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से राज्य में आपदा आई है, केंद्र सरकार ने दिल खोलकर आर्थिक मदद दी है। लेकिन दुख की बात है कि राज्य सरकार उस राहत राशि का सही उपयोग नहीं कर पाई और जो पैसा भेजा गया था, वह वापस लौट गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कहना कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की राशि नहीं मिली, तथ्यों से परे है।

अनुराग ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला

हमीरपुर में दिशा कमेटी की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया, जहां यह पाया गया कि कई प्रभावित परिवारों को अब तक तिरपाल तक नहीं मिले हैं। ठाकुर ने सवाल उठाया कि प्रदेश सरकार द्वारा घरों के पुनर्निर्माण के लिए घोषित सात लाख रुपये की राहत राशि कितने लोगों तक पहुंची, इसका कोई स्पष्ट आंकड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में लापरवाही और देरी से लोगों की पीड़ा और बढ़ी है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार को केंद्र की मदद का सदुपयोग करना चाहिए, न कि आपदा को राजनीति का माध्यम बनाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहत वितरण में भाई-भतीजावाद और पक्षपात हुआ है। ठाकुर ने पूछा कि राज्य सरकार अब तक कितने घर बना पाई है और किन जिलों में काम पूरा हुआ — यह जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समय पर फंड जारी कर रही है, लेकिन राज्य सरकार ने प्रभावितों तक मदद पहुंचाने में विफलता दिखाई है।

बिहार चुनाव पर भी बोले अनुराग ठाकुर

बिहार चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए ठाकुर ने महागठबंधन के घोषणा पत्र “तेजस्वी प्रण” को जनता को भ्रमित करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब जंगलराज नहीं चाहती। लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में बिहार की प्रति व्यक्ति आय केवल 8 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर 68 हजार हो गई है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार आने वाले पांच वर्षों में इसे दोगुना करने का प्रयास करेगी।

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने राहुल गांधी को गंभीर नेता मानना छोड़ दिया है। उनके नेतृत्व में कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है और अब बिहार का चुनाव भी कांग्रेस के हाथ से निकल जाएगा। उन्होंने हिमाचल में कांग्रेस की “10 गारंटी योजनाओं” पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता अब पूछ रही है — “क्या हुआ तेरा वादा?”

Neha Sharma
लेखक के बारे में
A Passionate Digital News writer with deep expertise. Doing Sharp analysis with engaging storytelling. View all posts by Neha Sharma
Follow Us :GoogleNews