Hindi News

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कांग्रेस पर हमला बोला, कहा- नौकरी और विकास के वादे निकले खोखले

Written by:Neha Sharma
Published:
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नौकरी और विकास के वादे खोखले निकले।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कांग्रेस पर हमला बोला, कहा- नौकरी और विकास के वादे निकले खोखले

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। रविवार को जिला भाजपा कार्यालय ऊना में पत्रकार वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने युवाओं को पक्की नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन आज हालात इसके उलट हैं। सरकार युवाओं को “पशु मित्र, वन मित्र, कृषि मित्र, रोगी मित्र” जैसी अस्थायी सेवाओं में मात्र 5000 रुपये मासिक वेतन पर रख रही है। न ये नौकरी स्थायी है और न ही आउटसोर्स की तरह कोई स्पष्ट नीति इन पर लागू है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कांग्रेस पर हमला बोला

डॉ. बिंदल ने कहा कि 2022 में कांग्रेस नेताओं ने दावा किया था कि प्रदेश में 67 हजार पद रिक्त हैं और 33 हजार नई भर्तियां कर कुल एक लाख युवाओं को रोजगार देंगे। लेकिन पौने तीन साल बीतने के बावजूद सरकार ने एक भी नई स्थायी भर्ती नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके उलट कांग्रेस सरकार ने 1600 स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थान बंद कर दिए, जिससे करीब 16 हजार लोग बेरोजगार हो गए। साथ ही 400 अन्य संस्थान बंद कर लगभग 8000 पद भी समाप्त कर दिए गए। इस मौके पर विधायक सतपाल सिंह सत्ती, जिला भाजपा अध्यक्ष शाम मिन्हास, भाजपा नेता संजीव कटवाल, प्रदेश सचिव सुमित शर्मा और जिला भाजपा प्रवक्ता विनय शर्मा भी मौजूद रहे।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पौने तीन साल के कार्यकाल में सरकार ने 40 हजार करोड़ रुपये का भारी-भरकम कर्ज लिया है, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश में कोई बड़ा विकास कार्य दिखाई नहीं देता। उन्होंने सवाल उठाया कि इतना कर्ज लेने के बाद भी प्रदेश में विकास ठप क्यों पड़ा हुआ है और जनता को इसका क्या फायदा मिला है।

डॉ. बिंदल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा देशभर में “सेवा पखवाड़ा” मनाएगी। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, स्वास्थ्य जांच शिविर और जनसेवा से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सेवा, संगठन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देती है और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहेगी।

Neha Sharma
लेखक के बारे में
A Passionate Digital News writer with deep expertise. Doing Sharp analysis with engaging storytelling. View all posts by Neha Sharma
Follow Us :GoogleNews