Hindi News

भाजपा ने हिमाचल चुनाव 2027 के लिए बनाई रणनीति,तय किया जीत का फार्मूला

Written by:Neha Sharma
Published:
भाजपा ने तय किया जीत का रोडमैप, कांग्रेस पर निशाना साध बोले बिंदल, हमारा संगठन अभेद्य है
भाजपा ने हिमाचल चुनाव 2027 के लिए बनाई रणनीति,तय किया जीत का फार्मूला

हिमाचल प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति तय कर ली है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि नया संगठन खड़ा कर दिया गया है, जो मजबूत जमीनी नेटवर्क के बल पर चुनाव में जीत सुनिश्चित करेगा। पार्टी ने अब तक 18 लाख साधारण सदस्यों का पंजीकरण किया है, जिनमें 27 हजार महिलाएं शामिल हैं।

भाजपा प्रदेश में 874 पदाधिकारियों की कार्यसमिति बना रही है, जो विधानसभा चुनावों के लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएगी। पार्टी के सभी 17 संगठनात्मक जिलों में कार्यसमिति चयन की प्रक्रिया मंगलवार और बुधवार तक पूरी कर ली जाएगी। इसके साथ ही 171 मंडलों में मंडल स्तर की कार्यकारिणी का गठन भी होगा।

प्रशिक्षण, अभियान और जनसंपर्क को प्राथमिकता

भाजपा इस महीने सभी मोर्चों की सूची जारी करने जा रही है, और पदाधिकारियों के प्रशिक्षण सत्र भी शुरू होंगे। पार्टी 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाएगी, और 15 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। वहीं 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। रक्षाबंधन से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत होगी, जिसमें हर बूथ पर 11 पेड़ लगाए जाएंगे।

कांग्रेस पर हमला, महिलाओं की भागीदारी पर जोर

डॉ. बिंदल ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष से कांग्रेस का बूथ स्तर का संगठन पूरी तरह भंग पड़ा है,जबकि भाजपा का संगठन अभेद्य है। उन्होंने बताया कि भाजपा की 874 कार्यकारिणी में 358 महिलाएं शामिल हैं, जो पार्टी में महिलाओं की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है। बिंदल ने कहा कि भाजपा, जो कभी दो सांसदों वाली पार्टी थी,आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है।

Neha Sharma
लेखक के बारे में
A Passionate Digital News writer with deep expertise. Doing Sharp analysis with engaging storytelling. View all posts by Neha Sharma
Follow Us :GoogleNews