गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को खुटगांव अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर पुलिस ने एक ट्रक की तलाशी के दौरान करीब 400 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने 5 तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने बताया कि देवभोग थाना क्षेत्र के खुटगांव चेक पोस्ट, NH-130 पर पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे एक आयशर वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन की छत पर तिरपाल के नीचे अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को जब्त कर वाहन को कब्जे में ले लिया और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपियों से की पूछताछ
पुलिस ने जब वाहन सवार दो आरोपियों से पूछताछ की तो आरोपियों ने बताया कि उनके आगे एक बाइक चल रही है, जिसमें 2 लोग पायलटिंग कर रहे हैं। ये लोग रास्ते में पुलिस की गतिविधियों और चेकिंग की जानकारी देकर पीछे चल रहे गांजा लदे वाहन को आगे बढ़ने में मदद कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने उन दो लोगों को भी गिरफ्तार किया।
गांजा सप्लाई करने वाले आरोपी तक पहुंची पुलिस
वहीं पूछताछ में गांजे का खुलासा करते हुए आरोपियों ने बताया कि उन्हें यह गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले के आमपानी थाना क्षेत्र के डेंगागुड़ा के विनोद दिसारी से मिला था। इसके बाद गरियाबंद पुलिस की एक टीम तत्काल ओडिशा भेजी गई। पुलिस ने विनोद दिसारी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से गांजा बेचकर मिले 5 लाख रुपए नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस लाखों की नकदी और गांजा किया जब्त
बता दें कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 400 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने करीब 20 लाख रुपए कीमत का आयशर वाहन, एक ग्लैमर बाइक, 3 मोबाइल फोन और 6.50 लाख रुपए नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस ने जब्त सामान को कब्जे में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला किया दर्ज
पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





