हिमाचल प्रदेश के कुल्लू दौरे पर पहुंचीं सांसद कंगना रणौत ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अक्सर ऐसे बयान देते हैं, जो देश को शर्मसार कर देते हैं। हाल ही में राहुल गांधी द्वारा जेन-जी और एक्स पीढ़ी पर किए गए पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने कहा कि उन्हें इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए। कंगना ने कहा, “राहुल गांधी को पता होना चाहिए कि नेपाल में जेन-जी ने परिवारवादी राजनीति को ध्वस्त किया है। उन्हें समझ ही नहीं है कि दुनिया में क्या चल रहा है और इसीलिए वह बिना सोचे-समझे बयान देते हैं।”
कंगना रणौत ने आगे कहा कि राहुल गांधी का नेपाल आंदोलन को भारत में भी चलने जैसा बयान गैर-जिम्मेदाराना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता हमेशा ऐसे विवादित बयान देते हैं, जिनसे देश की छवि खराब होती है। कंगना ने कहा कि एक सांसद और नेता होने के नाते राहुल गांधी को तथ्यों और अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य की सही जानकारी रखनी चाहिए।
ये भी पढ़ें
कंगना रणौत का राहुल गांधी पर हमला
प्रदेश में आई आपदा का जिक्र करते हुए कंगना ने केंद्र सरकार की ओर से दी गई आर्थिक मदद का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल सरकार की जिम्मेदारी है कि केंद्र से मिले बजट को पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ खर्च करे। कंगना ने भरोसा दिलाया कि वह केंद्रीय मंत्रियों से हिमाचल के पर्यटन क्षेत्र के लिए विशेष राहत पैकेज दिलवाने की पूरी कोशिश करेंगी।
कुल्लू में आयोजित भाजपा के रक्तदान शिविर में भी कंगना रणौत ने शिरकत की। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू हुए सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित किया गया था। शिविर में भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया।
कंगना रणौत ने इस मौके पर बताया कि उन्होंने पहली बार रक्तदान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से यह पुनीत कार्य किया जा रहा है। कंगना ने इसे मानवता और सेवा की भावना से जुड़ा अभियान बताया और लोगों से ऐसे प्रयासों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।