Hindi News

हिमाचल कांग्रेस के पुनर्गठन की तैयारी तेज, जल्द हो सकता है नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान

Written by:Neha Sharma
Last Updated:
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दिल्ली दौरे के बाद शिमला लौटे, वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह अभी दिल्ली में ही मौजूद हैं।
हिमाचल कांग्रेस के पुनर्गठन की तैयारी तेज, जल्द हो सकता है नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक पुनर्गठन की रूपरेखा तय कर ली गई है और अब नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा का इंतजार है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह की जगह किसी नए चेहरे को कमान सौंपे जाने की पूरी संभावना है। इस पद के लिए सबसे प्रबल दावेदार शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर माने जा रहे हैं। उनके अलावा विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, विधायक आशीष बुटेल और विनोद सुल्तानपुरी के नाम भी चर्चा में हैं, जिससे कांग्रेस के भीतर राजनीतिक हलचलें तेज हो गई हैं।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने सभी मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं से राय-मशविरा कर अपनी रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंप दी है। माना जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व मिशन-2027 को ध्यान में रखते हुए राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर तक संगठन में व्यापक फेरबदल करना चाहता है। जिन नेताओं को बोर्ड या निगम में स्थान नहीं मिला है, उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। आगामी पंचायत और निकाय चुनावों के मद्देनजर जमीनी स्तर पर तैयारी शुरू करने के लिए नए सिरे से कमेटियों का गठन जरूरी माना जा रहा है।

सीएम सुक्खू लौटे शिमला, प्रतिभा सिंह दिल्ली में सक्रिय

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को दिल्ली दौरे के बाद शिमला लौट आए हैं। वहीं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह अभी दिल्ली में ही मौजूद हैं और संगठनात्मक बदलावों को लेकर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। बैठक में भाग लेकर लौटे मंत्री अब प्रदेश में चल रहे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। मंत्रियों ने पार्टी नेतृत्व के समक्ष यह भी स्पष्ट किया है कि वे प्रदेशाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभाने को तैयार हैं, लेकिन इसके लिए मंत्री पद छोड़ना स्वीकार्य नहीं होगा।

हाईकमान का सख्त रुख, मंत्रियों की कार्यशैली समीक्षा के घेरे में

सूत्रों की मानें तो राहुल गांधी के समक्ष हुई बैठक में सचिवालय में मंत्रियों की अनुपस्थिति और विभागीय कार्य निष्पादन को लेकर भी सवाल उठे। कुछ मंत्रियों की मासिक उपस्थिति मात्र 20 से 30 प्रतिशत पाई गई, जबकि कई विभागों के प्रदर्शन को भी असंतोषजनक बताया गया। ऐसे में कांग्रेस हाईकमान न केवल संगठन में बदलाव करने जा रहा है, बल्कि मंत्रिमंडल में भी फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि वह हाईकमान के निर्णय का सम्मान करते हैं और यदि कोई नई जिम्मेदारी दी जाती है तो उसे स्वीकार करेंगे।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Neha Sharma
लेखक के बारे में
A Passionate Digital News writer with deep expertise. Doing Sharp analysis with engaging storytelling. View all posts by Neha Sharma
Follow Us :GoogleNews