इंदौर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार को लेकर शुक्रवार देर रात हंगामा हो गया। दरअसल विधायक गोलू शुक्ला के समर्थक बड़ी संख्या में एरोड्रम थाने पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। वहीं रात करीब 11 बजे शुरू हुआ विवाद बढ़ने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामला शांत कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने एरोड्रम थाना प्रभारी (TI) समेत 7 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 11 बजे भाजपा कार्यकर्ता पंकज चौबे रिपोर्ट दर्ज कराने एरोड्रम थाने पहुंचे थे। वहीं इसी दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि एसआई, एएसआई और आरक्षकों ने पंकज चौबे और जयदीप दुबे के साथ अभद्र व्यवहार किया। दोनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने दोनों को घसीटकर थाने के अंदर ले गए।
भाजपा कार्यकर्ता एरोड्रम थाने पहुंचे
वहीं घटना की जानकारी जब विधायक गोलू शुक्ला और उनके समर्थकों तक पहुंची तो नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एरोड्रम थाने पहुंच गए। समर्थकों ने थाने के बाहर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उनका कहना था कि मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग का भी हवाला दिया। उनका दावा था कि फुटेज में मारपीट से जुड़ी घटना रिकॉर्ड हुई है। इसी आधार पर वे दोषी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की मांग पर अड़े रहे। थाने पर भीड़ बढ़ने के बाद वहां गहमा-गहमी का माहौल बन गया। समर्थक देर रात तक कार्रवाई की मांग करते रहे। मामला बढ़ता देख वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा।
TI समेत 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड
दरअसल एरोड्रम थाने में हंगामे की सूचना मिलने पर एडिशनल डीसीपी सुमित केरकट्टा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं से बातचीत कर स्थिति संभालने की कोशिश की। हालांकि समर्थक सिर्फ समझाइश से संतुष्ट नहीं हुए। उनकी मांग थी कि जिन पुलिसकर्मियों पर मारपीट और अभद्र व्यवहार के आरोप लगे हैं उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। मामले को बढ़ता देख पुलिस प्रशासन ने देर रात कार्रवाई की। मीडिया रिपोर्ट की माने तो एरोड्रम थाना प्रभारी (TI), एसआई और एएसआई समेत कुल 7 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश जारी किए गए। कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद थाने पर चल रहा हंगामा शांत हुआ।






