लोकायुक्त की जांच में हेड कॉन्स्टेबल फिरोज खान से जुड़ी 46 प्रॉपर्टी सामने आईं, जमीनों की रजिस्ट्री और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल जारी

इंदौर में लोकायुक्त की जांच के दौरान हेड कॉन्स्टेबल फिरोज खान से जुड़ी 46 अचल संपत्तियों का पता चला है। इन संपत्तियों की अनुमानित बाजार कीमत 64 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
लोकायुक्त की जांच में हेड कॉन्स्टेबल फिरोज खान से जुड़ी 46 प्रॉपर्टी सामने आईं, जमीनों की रजिस्ट्री और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल जारी

इंदौर के पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (PTC) में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल फिरोज खान के खिलाफ लोकायुक्त आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच कर रहा है। दरअसल 19 अक्टूबर तक की जांच में फिरोज खान, उनके परिवार, सहयोगियों और संबंधित फर्म के नाम पर 46 अचल संपत्तियों की जानकारी सामने आई है। वहीं इन संपत्तियों की अनुमानित बाजार कीमत 64 करोड़ 1 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है। जांच में पत्नी की फर्म स्पार्कवेव रियलिटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर खरीदी गई जमीन का मामला भी सामने आया है।

दरअसल लोकायुक्त की जांच में फिरोज खान और उनसे जुड़े लोगों की चल-अचल संपत्तियों पर कुल 18 करोड़ 79 लाख 79 हजार 531 रुपये खर्च होने की जानकारी भी सामने आई है। वहीं 46 अचल संपत्तियों की कुल गाइडलाइन कीमत 17 करोड़ 19 लाख 46 हजार 323 रुपये बताई गई है। इन संपत्तियों की अनुमानित बाजार कीमत 64 करोड़ 1 लाख 11 हजार 768 रुपये आंकी गई है। लोकायुक्त की टीम संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों, जमीनों की रजिस्ट्रियों और वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।

रंगवासा और लसूड़िया मोरी में जमीनों की खरीद

वहीं जांच के दौरान इंदौर जिले की देपालपुर तहसील के ग्राम रंगवासा में कई कृषि भूमि की रजिस्ट्रियां सामने आई हैं। ये जमीनें वर्ष 2023 और 2024 में अलग-अलग तारीखों पर खरीदी गई थीं। लोकायुक्त इन जमीनों की रजिस्ट्रियों और खरीद से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है। इन संपत्तियों को फिरोज खान, उनके परिवार, सहयोगियों और संबंधित लोगों से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल जुलाई 2024 में इंदौर के लसूड़िया मोरी क्षेत्र में रेड कारपेट के पीछे 11.771 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदी गई थी। इस जमीन की गाइडलाइन कीमत करीब 3.85 करोड़ रुपये बताई गई है। जमीन स्पार्कवेव रियलिटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर खरीदी गई थी। यह फर्म फिरोज खान की पत्नी हिना खान और इंदौर निवासी युवराज पंवार के संयुक्त नाम से है। लोकायुक्त इस फर्म से जुड़े दस्तावेजों और जमीन की खरीद के विवरण की जांच कर रहा है।

14 अक्टूबर को कई ठिकानों पर हुई थी सर्चिंग

दरअसल लोकायुक्त ने 14 अक्टूबर को फिरोज खान के अलग-अलग आवासों और अन्य ठिकानों पर सर्च कार्रवाई की थी। इसके बाद से जांच एजेंसी संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन से संबंधित जानकारी जुटा रही है। टीम जमीनों की रजिस्ट्रियों, संपत्तियों की गाइडलाइन कीमत, अनुमानित बाजार कीमत और खरीद में इस्तेमाल हुई रकम से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच में सामने आई संपत्तियों के मालिकाना हक और उनसे जुड़े लोगों की भूमिका का भी सत्यापन किया जा रहा है। लोकायुक्त ज्ञात आय और संपत्तियों पर हुए खर्च से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रहा है। मामले में जांच जारी है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews
लोकायुक्त की जांच में हेड कॉन्स्टेबल फिरोज खान से जुड़ी 46 प्रॉपर्टी सामने आईं, जमीनों की रजिस्ट्री और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल जारी