मथुरा के संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों से प्रभावित होकर इंदौर का एक 15 वर्षीय छात्र रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। बुधवार को घर से निकलने के बाद दूसरे दिन भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है। परिवार को छात्र की लिखी एक चिट्ठी मिली है, जिसमें उसने अपने ‘असली परिवार’ के पास जाने की बात कही है। इस घटना के बाद खजराना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर छात्र की तलाश तेज कर दी है।

मामला इंदौर की कृष्ण विहार कॉलोनी का है। छात्र के पिता अनिल, जो पेशे से ड्राइवर हैं, ने गुरुवार को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बेटा बुधवार को क्रिकेट खेलने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।

घर में मिली चिट्ठी, लिखा- मुझे ढूंढना मत

परिवार को घर में छात्र के हाथ से लिखी एक चिट्ठी मिली, जिसने सबको हैरान कर दिया। चिट्ठी में छात्र ने अपने माता-पिता, भाई और दादा को संबोधित करते हुए लिखा था कि वह अपने असली परिवार के पास जा रहा है।

“मां, पापा, भैया और दादा… आज मैं अपने असली परिवार के पास जा रहा हूं। आप लोग कृपया रोइए मत और मुझे ढूंढने की कोशिश भी मत कीजिए। अब मैं अपने मां-पिता के साथ ही रहूंगा।” — लापता छात्र की चिट्ठी

छात्र ने यह भी स्पष्ट किया कि उसके जाने की वजह कोई डांट-फटकार या खराब रिजल्ट नहीं है। उसने लिखा, “आप लोग यह मत समझना कि मैं किसी डांट-फटकार या रिजल्ट खराब होने की वजह से घर छोड़कर जा रहा हूं। मैं बस अपनी असलियत जान गया हूं। अगर आप जानना चाहते हैं कि वह असलियत क्या है, तो मेरे फोटो को देख लेना। उसमें प्रेमानंद जी महाराज के वचन लिखे हैं।”

पुलिस जांच और मोबाइल हिस्ट्री से मिले सुराग

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मनोज सेंधव के अनुसार, आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में छात्र अकेला घर से जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस और जीआरपी को भी इस मामले की सूचना दे दी है।

जांच के दौरान छात्र के मोबाइल की हिस्ट्री खंगालने पर पता चला कि वह अक्सर संत प्रेमानंद महाराज और उत्तराखंड की एक माताजी के भजन और प्रवचन सुनता था। उसने अपने मोबाइल पर देहरादून जाने वाली ट्रेन के बारे में भी सर्च किया था। छात्र के बड़े भाई ने बताया कि वह प्रेमानंद जी महाराज से काफी प्रभावित था।

दोस्त से लिए थे 500 रुपए उधार

अपनी चिट्ठी में छात्र ने यह भी लिखा कि उसने एक दोस्त से 500 रुपए उधार लिए हैं, जिसे परिवार वाले लौटा दें। छात्र के पिता ने बताया कि परिवार ने सभी रिश्तेदारों को सूचित कर दिया है और वे भी अपने स्तर पर उसकी तलाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने बड़े बेटे को संत प्रेमानंद के आश्रम, मथुरा भेज रहे हैं ताकि वहां कोई जानकारी मिल सके। परिवार के अनुसार, लापता छात्र धार्मिक प्रवृत्ति का था और रोज करीब दो घंटे पूजा-पाठ करता था।