इंदौर की चंदन नगर थाना पुलिस ने शहर में बढ़ रही ऑटो रिक्शा चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी फरीद के कब्जे से शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए 4 तीन पहिया ऑटो रिक्शा बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए ऑटो रिक्शा चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी के वाहन खरीदने वाले कबाड़ियों और ऑटो चोरी से जुड़े अन्य लोगों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
आरोपी ने ऑटो रिक्शा चोरी की बात कबूली
थाना क्षेत्र से चोरी हुए ऑटो रिक्शा की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संबंध में सटीक सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम फरीद बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चंदन नगर क्षेत्र के नूरानी नगर और ग्रीन पार्क, आजाद नगर तथा जूनी इंदौर की नूरी कॉलोनी से कुल 4 ऑटो रिक्शा चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी 4 ऑटो रिक्शा बरामद कर लिए।
पुलिस ने जब्त किए चारों ऑटो रिक्शा
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 8 लाख रुपये कीमत के चारों ऑटो रिक्शा बरामद कर जब्त कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नशे की लत पूरी करने के लिए करता था चोरी
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शातिर बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था और चोरी किए गए ऑटो रिक्शा कबाड़ियों को बेचने की फिराक में था।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट

