बुधवार को इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों पर ऑनलाइन एक्सचेंज से जुड़ी आईडी बनाकर ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में सट्टा संचालित करने का आरोप है। म्यूल अकाउंट से करोड़ों रुपये के लेनदेन की जानकारी भी सामने आई है।
राजेश दंडोतिया, एडिशनल डीसीपी क्राइम ने बताया कि इंदौर क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुलदीप निवासी शाजापुर और महावीर हर्षवाल निवासी बड़नगर को ऑनलाइन गेमिंग/सट्टा एक्सचेंज की आईडी तैयार कर उपलब्ध कराते थे और ऑनलाइन गेमिंग गतिविधियों का संचालन करते थे। सचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और कार्रवाई को अंजाम दिया। क्राइम ब्रांच दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफल हुई।
8 मोबाइल फोन, 8 एटीएम और एक लैपटॉप जब्त
आरोपियों से पूछताछ के बाद पता चला कि CretaBet, Pablo247 और Lotus265 जैसे ऑनलाइन एक्सचेंज/प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में सट्टा नेटवर्क का संचालन हो रहा है। इससे प्राप्त राशि को ट्रांसफर करने के लिए आरोपी म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल करते हैं। राजेश दंडोतिया के मुताबिक इन खातों से 14 करोड़ रुपये से अधिक का ट्रांजैक्शन किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 08 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप एवं 08 ATM कार्ड जब्त किए गए हैं।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में पुलिस जुट चुकी है। आरोपियों के तार किन लोगों और प्लेटफ़ॉर्म से जुड़े हैं, इसका पता लगाने की कोशिश जारी है। भविष्य में सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य कई खुलासे होने की उम्मीद है।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट






