भारत में 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के मौके पर देशभर में ड्राई डे रहता है और शराब की बिक्री पर प्रतिबंध होता है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन कर चोरी-छिपे शराब बेचने और खरीदने का प्रयास किया जाता है। जिस पर पुलिस की सख्त निगरानी होती है। इसी बीच, इंदौर में भी ड्राई डे के दिन आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में बीयर, देशी मदिरा प्लेन और मसाला शराब बरामद की।

बता दें कि जिले में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में 2 अक्टूबर यानि गांधी जयंती पर घोषित ड्राई डे के दौरान अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। इस बीच, शुक्रवार के दिन मिली सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में बीयर, देशी मदिरा प्लेन एवं मसाला बरामद की गई।

दो स्थानों से बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा और बीयर जब्त

जानकारी अनुसार, आबकारी उपनिरीक्षक आशीष जैन एवं त्रिअंबिका शर्मा के द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम बड़ोदिया करा थाना खुड़ेल में दो स्थानों पर छापेमार कार्यवाही की गई। आरोपी श्रवण पिता जगन्नाथ कुशवाह के आधिपत्य से 120 पाव देसी मदिरा प्लेन एवं 28 कैन बोल्ट बियर जब्त की गई है। इसी तरह आबकारी विभाग के एक अन्य अमले द्वारा बादशाह ढाबा पर भी कार्यवाही उपरांत ढाबा मालिक प्रशांत कुशवाह के कब्जे से 160 पाव देशी मदिरा प्लेन/मसाला एवं 13 बॉटल बोल्ट बीयर जब्त की गई है।

कुल 72.85 लीटर अवैध मदिरा बरामद

विभाग के अनुसार, दोनों कार्रवाई में कुल 72.85 लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 30 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आबकारी विभाग ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

 

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट