इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले की लसुड़िया पुलिस ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुये एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, पेन ड्राइव, हजारों रुपये नकद और लाखों रुपये के सट्टे के हिसाब वाला रजिस्टर जब्त किया है। जब्त रजिस्टर की पुलिस जांच कर रही है।

दरअसल, लसुड़िया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने घर पर बैठकर भारत और न्यूजीलैंड क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टे का कारोबार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और तत्काल ही आरोपी को दबोचने के लिये रणनीति तैयार की। इसके साथ ही पुलिस ने एक टीम गठित कर बताये गये स्थान पर दबिश दी गई।

पुलिस ने आरोपी को दबोचा

जैसे ही पुलिस ने मौके पर दबिश दी तब एक व्यक्ति अपने लैपटॉप एवं मोबाइल फोन पर ऑनलाइन सट्टा साइट संचालित कर हिसाब लिख रहा था। पुलिस ने तुरंत ही आरोपी को दबोच लिया और पूछताछ में उसने अपना नाम कमल सिंह बताया। पूछताछ के दौरान उसने ऑनलाइन सट्टे पर 10 प्रतिशत कमीशन लेने की बात भी कबूल की है।

पुलिस ने जब्त किया जरूरी सामान

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामल दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 02 स्मार्ट फोन, 04 कीपेड मोबाइल, 01 HP कंपनी का लैपटॉप, 01 पेन ड्राइव, 01 रजिस्टर (हिसाब) एवं 4000 रुपये नगद कुल कीमत करीबन 1 लाख रुपये सामान जब्त किया है।

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट