इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर में RE-2 यानी रिंग रोड एक्सटेंशन-2 को लेकर बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। पिछले करीब तीन साल से सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए प्रशासन और नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। यह कार्रवाई बंगाली चौराहे से पिपलियाना के बीच करीब एक किलोमीटर लंबे हिस्से में की जा रही है।
बता दें कि नगर निगम और प्रशासन की टीम जब जेसीबी, पोकलेन और पर्याप्त पुलिस बल के साथ बिचौली कांकड़, शिव नगर और शिव दर्शन नगर पहुंची, तो सड़क निर्माण में बाधक 80 से ज्यादा निर्माण हटाए गए। कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया और आक्रोश में आकर प्रशासन की गाड़ियों पर पथराव कर दिया। मामले में पुलिस ने 8 से 9 लोगों को हिरासत में लिया है।
ये भी पढ़ें
पथराव के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
बता दें कि पथराव के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। खबर है कि पथराव में दो लोगों को चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिये अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं, नगर निगम एवं प्रशासन की कार्रवाई का कुछ महिलाओं ने विरोध किया तो महिला पुलिस ने उन्हें संभाला और बलपूर्वक उन्हें हटाया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। वहीं अतिक्रमण का कार्य भी जारी है।
बंगाली से पीपल्याहाना के बीच 80 से ज्यादा बाधक निर्माण हटाए
बंगाली चौराहा से पीपल्याहाना के बीच बाधक निर्माण हटाने की कार्रवाई एवं पथराव की स्थिति के बारे में एसडीएम घनश्याम धनगर और एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने मीडिया को जानकारी दी है। एसडीएम घनश्याम धनगर अनुसार, शहर में RE-2 की अधूरी कनेक्टिविटी को पूरा करने के लिए नगर निगम ने बाधक निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की है। बंगाली से पीपल्याहाना के बीच बिचौली कांकड़, शिव नगर और शिव दर्शन नगर में 80 से ज्यादा बाधक निर्माण हटाए गए। मौके पर जेसीबी, पोकलेन, निगम अमला और भारी पुलिस बल तैनात रहा।
E-2 सड़क कनेक्टिविटी पिछले तीन साल से अधूरी
उन्होंने बताया कि RE-2 सड़क कनेक्टिविटी पिछले तीन साल से अधूरी पड़ी है। नगर निगम का दावा है कि बाधाएं पूरी तरह हटने के बाद सड़क निर्माण का काम शुरू कराया जाएगा। इससे भूरी टेकरी, पीपल्याहाना, बंगाली और नायता मुंडला आरटीओ क्षेत्र को वैकल्पिक कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
आगे बताया कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया और स्थिति हंगामे में तब्दील गई। कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम पर कुछ लोगों ने पत्थर फेंके। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं सहित कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, प्रशासन का कहना है कि सड़क निर्माण में जो भी बाधाएं हैं, उन्हें हटाने के बाद संबंधित हिस्से में निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा। लंबे समय से अटकी परियोजना को गति देने के लिए यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। साथ ही नगर निगम की कार्रवाई जारी है।
सड़क बनने से प्रमुख इलाकों के बीच बेहतर होगी कनेक्टिविटी
गौरतलब है कि RE-2 के इस महत्वपूर्ण हिस्से की कनेक्टिविटी पूरी होने के शहर के कई प्रमुख इलाकों के बीच आवागमन बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं सड़क निर्माण पूरा होने से मौजूदा मार्गों पर यातायात का दबाव कम हो सकता है और वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्ता मिल सकेगा। इसी बीच, प्रशासन का कहना है कि बाधक निर्माणों को हटाने के बाद सड़क निर्माण का कार्य भी तेजी से किया जायेगा।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट