जबलपुर में कटंगी बायपास स्थित यूनिटी लॉजिस्टिक पार्क में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि देखते ही देखते तीन बड़ी कंपनियों रिलायंस, ब्रिटानिया और डेलिवरी के विशाल गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान काले धुएं से भर गया और आग की लपटें कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दे रही थीं।
आग की सूचना मिलते ही नगर निगम, सुरक्षा संस्थानों और आसपास के क्षेत्रों से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने में करीब 7 घंटे की कड़ी मशक्कत लगी। स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़े हादसे को टाला गया, हालांकि आर्थिक नुकसान काफी बड़ा हुआ है।
जबलपुर में भीषण आग
आग की लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं और पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया। आग बुझाने के लिए 25 से अधिक दमकल वाहनों और 150 से ज्यादा पानी के टैंकरों का इस्तेमाल किया गया। नगर निगम के अलावा ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया, व्हीकल फैक्ट्री, गन कैरिज फैक्ट्री और आसपास के नगर परिषदों की फायर ब्रिगेड टीमों को भी बुलाया गया। पानी के साथ फोम कंपाउंड का भी बड़े पैमाने पर छिड़काव किया गया।
इस तरह फैली आग
जानकारी के मुताबिक आग रात करीब 12 बजे रिलायंस के FMCG गोदाम से शुरू हुई। उस समय तेज हवाएं चल रही थीं, जिससे आग तेजी से फैल गई। वेयरहाउस में रखे ज्वलनशील पदार्थ, तेल और पैकेज्ड फूड आइटम्स ने आग को और भड़काया। कुछ ही देर में आग ने आस-पास स्थित ब्रिटानिया और डेलिवरी के गोदामों को भी अपनी जद में ले लिया।
महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ देर रात खुद घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग पास के टायर और पेंट डिपो तक न फैले, इसके लिए हर संभव प्रयास किए गए। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया था लेकिन अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
जनहानि टली
हादसे के समय रिलायंस और ब्रिटानिया के गोदाम बंद थे, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि डेल्हिवरी के वेयरहाउस में नाइट शिफ्ट के करीब 50 कर्मचारी मौजूद थे। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई लेकिन सभी कर्मचारियों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
SDRF करेगी जांच
अब आग के कारणों की जांच SDRF टीम करेगी। प्रारंभिक अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण से आग लगी हो सकती है। आग में तीनों कंपनियों के करोड़ों रुपये के सामान के जलने की आशंका है।






