
Indore police arrested a chain snatcher.
Jabalpur News : 2 सितंबर की देर रात संजीवनी नगर थाना अंर्तगत 90 क्वार्टर के पास हुई सूरज हत्याकांड का जबलपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपी अजय बरकड़े ने महज 600 रुपए के लिए अपने साथी की हत्या कर दी थी। आरोपी ने सूरज के सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या की और फिर जेब में रखें 600 रुपए और मोबाइल लेकर फरार हो गया। संजीवनी नगर पुलिस ने आज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों का मजदूरी के रुपए को लेकर विवाद हुआ था।
यह है पूरा मामला
अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि 3 सितंबर की सुबह स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि 90 क्वार्टर के पास रेलवे कॉलोनी के किनारे एक नाले में किसी व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम के साथ सीएसपी मौके पर पहुंचे, और नाले में पड़े शव को बाहर निकलवाया। मृतक के विषय में जानकारी जुटाई तो पता चला कि उसका नाम सूरज है जो कि मूलतः डिंडोरी का रहने वाला है और बीते कुछ दिनों से जबलपुर में बन रही एक बिल्डिंग में मजदूरी का काम कर रहा था। पुलिस ने मौके पर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
अंधे हत्याकांड को सुलझाना संजीवनी नगर थाना पुलिस के लिए एक चुनौती का विषय बना हुआ था। पुलिस ने जानकारी इस हत्याकांड को लेकर जुटाना शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस जगह मृतक सूरज काम किया करता था उसके साथ उसका एक साथी अजय बरकड़े भी था। 2 सितंबर की शाम को ठेकेदार ने दोनों को400- 400 रुपए दिए थे। रुपए लेने के बाद अजय और सूरज ने 200 रुपए की शराब खरीदी और फिर नाले किनारे पीने के लिए बैठ गए। इसी दौरान 800 में से बचे 600 रुपए को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान अजय ने एक बड़ा पत्थर उठाया और सीधे सूरज के सिर पर दे मारा जिसके चलते मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी ने मृतक के शव को नाले में फेंक दिया और अपने घर चला गया।
जबलपुर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
