MP Breaking News

हिंदी का पेपर देख भड़के RDVV के लॉ छात्र, आउट ऑफ सिलेबस का आरोप, परीक्षा छोड़ कुलगुरु निवास पहुंचे

जबलपुर की RDVV में BA LLB चौथे सेमेस्टर में आउट ऑफ सिलेबस पेपर आने से नाराज छात्रों ने परीक्षा का बहिष्कार कर एनएसयूआई संग कुलगुरु निवास पर धरना दिया।
हिंदी का पेपर देख भड़के RDVV के लॉ छात्र, आउट ऑफ सिलेबस का आरोप, परीक्षा छोड़ कुलगुरु निवास पहुंचे

अगर आप कड़ी मेहनत के बाद पेपर देने के लिए जाए और पेपर देखने के बाद आपको पता चले कि यह तो पूरा का पूरा सिलेबस से अलग है, तो फिर क्या हो…ऐसा ही कुछ हुआ जबलपुर की रानी दुर्गावती यूनिवर्सिटी में, यहाँ गुरुवार को BA LLB चौथे सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान जमकर हंगामा हो गया।

छात्र जब सेंटर पर हिंदी का पेपर देने के लिए पहुँचे तो पेपर देखने के बाद सभी के होश उड़ गए। छात्रों का कहना था कि पूरा पेपर सिलेबस से बाहर का आया है। इसकी शिकायत सभी छात्रों ने कमरे में मौजूद टीचरों से की, लेकिन किसी की भी तरफ़ से संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

कुलगुरु निवास का घेराव

परीक्षा का बहिष्कार करने के बाद छात्र NSUI के नेताओं के साथ इकट्ठा हुए और सीधे कुलगुरु प्रो. राजेश वर्मा के बंगले पर जा धमके। छात्र घर के बाहर ही जमीन पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। हंगामे की सूचना मिलते ही यूनिवर्सिटी के कुलसचिव और सिविल लाइन्स थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने की कोशिश की।

मेहनत पर फिरा पानी

धरने पर बैठे छात्रों ने आरोप लगाया कि पर्चा सेट करने में अधिकारियों ने भारी लापरवाही बरती है। उन्होंने महीनों तक तय सिलेबस के हिसाब से पढ़ाई की थी, लेकिन पेपर में बिल्कुल अलग चीजें पूछ ली गईं। छात्रों ने साफ चेतावनी दी कि अगर इस पेपर को रद्द नहीं किया गया, तो उनका रिजल्ट खराब हो जाएगा और भविष्य अधर में लटक जाएगा।

4 घंटे तक तपती धूप में बैठे रहे छात्र

छात्रों के साथ प्रदर्शन कर रहे एनएसयूआई प्रभारी अंचलनाथ ने यूनिवर्सिटी प्रशासन को घेरा। उन्होंने कहा कि बच्चे दिन-रात एक करके पढ़ाई करते हैं, लेकिन अफसर ऐसी लापरवाही कर देते हैं। छात्र करीब 4 घंटे तक कुलगुरु निवास के बाहर न्याय की मांग लेकर बैठे रहे, लेकिन कोई जिम्मेदार अधिकारी तुरंत बात सुनने को तैयार नहीं हुआ।

जांच के बाद होगा फैसला

पूरे मामले पर परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुनील दुबे का कहना है कि छात्रों ने आउट ऑफ सिलेबस पेपर आने की शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही नियमानुसार आगे का फैसला लिया जाएगा, ताकि किसी भी छात्र का नुकसान न हो।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey
Follow Us :GoogleNews
हिंदी का पेपर देख भड़के RDVV के लॉ छात्र, आउट ऑफ सिलेबस का आरोप, परीक्षा छोड़ कुलगुरु निवास पहुंचे