राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के महाकौशल प्रांत का एक बहुत ही भव्य पथ संचलन शनिवार को जबलपुर शहर में सफलता के साथ संपन्न हुआ है। इस विशाल आयोजन में 34 अलग-अलग जिलों से आए करीब 3185 युवा स्वयंसेवकों ने एक साथ कदमताल करते हुए भाग लिया। सड़कों पर एक ही ड्रेस में अनुशासित ढंग से चलते स्वयंसेवकों को देखकर हर कोई हैरान रह गया और पूरा माहौल संघ के रंग में रंगा नजर आया।
दरअसल 16 से 32 साल की उम्र के युवाओं के लिए इस खास शिविर की शुरुआत 22 अक्टूबर की शाम से श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज में हुई थी। इस शिविर का औपचारिक उद्घाटन 23 अक्टूबर को किया गया था। शनिवार को निकला यह पथ संचलन श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज से शुरू होकर केशरवानी कॉलेज पहुंचा, जहां इसका बड़े ही अनुशासित तरीके से समापन हुआ। शिविर की व्यवस्था संभालने के लिए 500 से ज्यादा प्रबंधक भी दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें
संचलन देखने पहुंचे हजारों लोग
शहर की सड़कों पर जब हजारों की संख्या में युवा स्वयंसेवक समान गति से कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहे थे, तो पूरा नजारा देखते ही बन रहा था। रास्ते में इस संचलन को देखने के लिए शहर के आम लोगों और नागरिकों की भारी भीड़ जमा हो गई। युवाओं की इस एकजुटता, शारीरिक क्षमता, अनुशासन और एक जैसी वेशभूषा ने वहां मौजूद हर एक व्यक्ति का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया।
इस भव्य पथ संचलन को देखने और स्वागत करने के लिए पूरे रास्ते में 20 विशेष मंच बनाए गए थे। इन मंचों पर समाज के अलग-अलग 20 वर्गों, जैसे किसान, अलग-अलग जातियों, भाषाओं और समुदायों के गणमान्य और प्रमुख लोगों को खासतौर पर आमंत्रित किया गया था। दरसल, सभी वर्गों के लोगों ने पुष्पवर्षा कर युवाओं के इस अनुशासन का जोरदार स्वागत किया और स्वयंसेवकों के राष्ट्रसेवा के इस जज्बे की खुलकर तारीफ भी की।
आज जबलपुर में युवा स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे मोहन भागवत
इस पूरे आयोजन की सबसे खास बात यह है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत खुद जबलपुर पहुंच चुके हैं। वे आज यानी 25 अक्टूबर को इस युवा शिविर में शामिल होंगे और दो अलग-अलग सत्रों में युवाओं से बात करके उनका मार्गदर्शन करेंगे। दरसल, संघ प्रमुख के आगमन को लेकर पूरे शिविर में युवाओं के बीच एक अलग ही उत्साह और ऊर्जा देखने को मिल रही है।
रविवार की शाम को विभिन्न तरह के शारीरिक प्रदर्शन और प्रात्यक्षिक कार्यक्रमों के बाद इस ऐतिहासिक शिविर का औपचारिक समापन कर दिया जाएगा। महाकौशल प्रांत के कोने-कोने से आए युवाओं का यह बड़ा जमावड़ा उनके अंदर संगठन की भावना, अनुशासन, शारीरिक मजबूती और देशसेवा का संकल्प भरने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
