मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सहायक जिला अभियोजन अधिकारी (Assistant District Prosecution Officer- ADPO) भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 10 जुलाई से दोबारा शुरू कर दी है। जो अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पाए थे वे 24 जुलाई 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट mppsc.mp.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बता दें कि पहले इस भर्ती (विज्ञापन संख्या 03/2026 ) के लिए केवल 17 पद घोषित किए गए थे, लेकिन अब इनमें 90 नए पद जोड़कर कुल रिक्तियां 107 कर दी गई हैं। जिन उम्मीदवारों ने मार्च 2026 में जारी मूल विज्ञापन के तहत पहले ही आवेदन कर दिया था, उन्हें दोबारा फॉर्म भरने या फीस देने की कोई आवश्यकता नहीं है। हालांकि, ऐसे उम्मीदवार अपने पुराने आवेदन पत्र में किसी भी तरह का सुधार या त्रुटि संशोधन 25 जुलाई से 31 जुलाई 2026 के बीच ऑनलाइन कर सकते हैं।
MPPSC ADPO भर्ती से जुड़ी डिटेल्स
आयु सीमा : न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसमें राज्य के नियमों के अनुसार आरक्षित वर्गों को आयु सीमा में छूट मिलेगी। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी।
योग्यता : किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से लॉ (LLB) की डिग्री होना अनिवार्य है। मध्य प्रदेश के रोजगार कार्यालय में जीवित पंजीयन होना आवश्यक है।
आवेदन शुल्क: सामान्य वर्ग और मध्य प्रदेश से बाहर के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित है, जबकि मध्य प्रदेश के आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 250 रुपये रखा गया है। इसके अलावा 40 रुपये का पोर्टल शुल्क अतिरिक्त देय होगा।
चयन प्रक्रिया: मुख्य रूप से दो चरणों में होगी, जिसमें सबसे पहले 18 अक्टूबर 2026 को लिखित परीक्षा (CBT) आयोजित की जाएगी और इसके बाद सफल उम्मीदवारों को साक्षात्कार (इंटरव्यू) के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
वेतन: चयनित उम्मीदवार को 9,300 रुपये से 34,800 रुपये प्रतिमाह तक का वेतन मिलेगा। अन्य सरकारी भत्तों का लाभ भी नियमानुसार दिया जाएगा।






