MP Breaking News

NEET PG 2026: जयपुर में बिजली गुल, कई अभ्यर्थियों का पेपर अधूरा, 5 सितंबर को फिर होगी परीक्षा

जयपुर के सीतापुरा स्थित दो परीक्षा केंद्रों पर बिजली की खराबी के कारण कई अभ्यर्थी पूरा नहीं कर पाए NEET PG का पेपर, NBEMS ने 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा कराने का किया ऐलान; प्रभावित अभ्यर्थियों को जारी होंगे नए एडमिट कार्ड
NEET PG 2026

जयपुर। NEET PG 2026 की परीक्षा देने पहुंचे कई अभ्यर्थियों को रविवार को जयपुर के सीतापुरा में बिजली गुल होने के कारण बीच में ही पेपर छोड़ना पड़ा। परीक्षा पूरी नहीं कर सके इन अभ्यर्थियों को अब दोबारा मौका मिलेगा। NBEMS ने इनके लिए 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे Re-Exam कराने का ऐलान किया है।

सीतापुरा के iON Digital Zone के दो परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के दौरान अंदरूनी बिजली व्यवस्था ठप हो गई थी। इसका असर कंप्यूटर बेस्ड एग्जाम पर पड़ा और कुछ अभ्यर्थी तय समय में अपना पेपर पूरा नहीं कर पाए। NBEMS ने इस परेशानी पर खेद जताया है और बिजली की समस्या के लिए परीक्षा कराने वाली एजेंसी TCS Ltd. को जिम्मेदार बताया है।

NEET PG 2026

सभी को नहीं देनी होगी दोबारा परीक्षा

5 सितंबर को होने वाला Re-Exam केवल उन अभ्यर्थियों के लिए है, जिनकी परीक्षा सीतापुरा के TC नंबर 41682 और 41683 पर बिजली की समस्या के कारण अधूरी रह गई थी। परीक्षा जयपुर में ही दोपहर 3 बजे होगी। नया परीक्षा केंद्र बाद में बताया जाएगा और प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए संशोधित एडमिट कार्ड भी जारी होंगे।

NEET PG 2026 के लिए देशभर में 2,73,096 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड थे। रविवार को 1,111 केंद्रों पर 2,65,980 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे और करीब 2,63,535 अभ्यर्थियों का एग्जाम पूरा हुआ। जयपुर के दोनों केंद्रों पर बिजली की खराबी के कारण जिन अभ्यर्थियों का पेपर पूरा नहीं हो सका, उन्हें अब 5 सितंबर को फिर परीक्षा देनी होगी।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey
Follow Us :GoogleNews
NEET PG 2026: जयपुर में बिजली गुल, कई अभ्यर्थियों का पेपर अधूरा, 5 सितंबर को फिर होगी परीक्षा