Hindi News

रेलवे ने निकाली 6,565 पदों पर भर्ती, शॉर्ट नोटिस जारी, इस दिन से शुरू होंगे आवेदन  

Published:
आरआरबी टेक्नीशियन भर्ती से संबंधित शॉर्ट नोटिस रेलवे ने जारी कर दिया है। 6 हजार से अधिक वैकेंसी संभावित है। आवेदन जून में शुरू होंगे। आइए पात्रता और चयन प्रक्रिया के बारे में जानें- 
रेलवे ने निकाली 6,565 पदों पर भर्ती, शॉर्ट नोटिस जारी, इस दिन से शुरू होंगे आवेदन  

रेलवे भर्ती बोर्ड ने टेक्नीशियन ग्रेड-1 सिग्नल और ग्रेड 3 पदों पर भर्ती (Railway Recruitment 2026) के लिए शॉर्ट नोटिस जारी कर दिया है। जिसके मुताबिक आवेदन प्रक्रिया 30 जून 2026 से शुरू होगी। योग्य उम्मीदवारों को 29 जुलाई 2026 तक फॉर्म भरने का मौका दिया जाएगा। डिटेल नोटिफिकेशन जल्द ही जारी होगा। जिसमें कैटिगरी वाइज वैकेंसी, आवेदन शुल्क और अन्य जानकारी उपलब्ध होगी। इसे पढ़ने के बाद ही उम्मीदवारों को आवेदन की सलाह दी जाती है।

रिक्त पदों (RRB Technician Vacancy) की संख्या कुल 6565 है।  जिसमें से टेक्निशियन ग्रेड-1 सिग्नल के लिए 323 और टेक्नीशियन ग्रेड 3  के लिए 6242 पद खाली हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन मोड में आधिकारिक वेबसाइट http://www.rrbapply.gov.in पर स्वीकार किए जाएंगे। सभी उम्मीदवारों को प्राइमरी डिटेल्स को आधार से सत्यापित करने की सलाह दी जाती है। यह भी ध्यान रखें कि  आधार में दर्ज नाम और जन्मतिथि कक्षा दसवीं के पासिंग सर्टिफिकेट के समान होगा। पहले से ही आधार बायोमैट्रिक अपडेट करने की सलाह भी दी गई है।

शैक्षणिक योग्यता 

आरआरबी टेक्निशियन ग्रेड-1  सिग्नल पदों पर पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों का फिजिक्स/इलेक्ट्रॉनिक्स/ कंप्यूटर साइंस/इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/ इंस्ट्रूमेंटेशन में बीएससी की डिग्री होनी चाहिए। संबंधित क्षेत्र में 3 वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा होल्डर भी आवेदन कर सकते हैं। संबंधित क्षेत्र में इंजीनियरिंग की डिग्री वाले उम्मीदवारों को भी आवेदन की अनुमति होगी। आरआरबी टेक्निशियन ग्रेड-3 पद पर आवेदन करने के लिए 10वीं पास उम्मीदवारों के पास मान्यता NCVT/SCVT द्वारा प्राप्त संस्थान से संबंधित क्षेत्र में आईटीआई सर्टिफिकेट होना चाहिए।

आयु सीमा 

टेक्निशियन ग्रेड-1 सिग्नल पदों के लिए निर्धारित आयु सीमा अधिकतम 33 वर्ष है।  टेक्निशियन ग्रेड 3 पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष निर्धारित की गई है। दोनों पदों के लिए न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष है। एससी/एसटी को 5 साल, ओबीसी को 3 साल और PwBD उम्मीदवारों को 10 साल तक की छूट दी जाएगी।

चयन प्रक्रिया 

उम्मीदवारों का चयन  सीबीटी परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर होगा। टेक्नीशियन ग्रेड-1 सिग्नल पदों के लिए परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। इसकी अवधि 90 मिनट होगी। कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें पांच विषय शामिल होंगे- जनरल अवेयरनेस, जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग, बेसिक्स ऑफ़ कंप्यूटर एंड एप्लीकेशंस, गणित बेसिक और साइंस एंड इंजीनियरिंग। टेक्नीशियन ग्रेड 3 सीबीटी परीक्षा भी 100 अंकों की होगी। इसकी अवधि भी 90 मिनट होगी। वहीं इसमें कुल चार विषय शामिल होंगे- गणित, जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग, जनरल साइंस और जनरल अवेयरनेस।

परीक्षा हिंदी और इंग्लिश के अलावा कुल 13 क्षेत्रीय भाषाओं में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक मिलेंगे। गलत उत्तर पर 1/3 नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान होगा।

कितना होगा वेतन?

टेक्नीशियन ग्रेड-1 सिग्नल पद पर नियुक्ति के बाद उम्मीदवारों को लेवल 5 के तहत 29,200 रूपये से लेकर 92,300 रुपये तक वेतन मिलेगा। इनिशियल पे 29,200 रुपये होगा। टेक्निशियन ग्रेड-3 पद पर नियुक्ति के बाद लेवल 2 के तहत 19,900 रुपये से लेकर 63,200 रुपये तक वेतन मिलेगा।

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey
Follow Us :GoogleNews