आरआरबी ग्रुप डी परीक्षा (RRB Group D Exam) के उम्मीदवारों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने तारीखों में बड़ा बदलाव किया है। इससे संबंधित नोटिस 30 जुलाई को जारी किया गया है। पहले परीक्षा 3 अगस्त से लेकर 21 अगस्त तक आयोजित होने वाली थी। लेकिन अब एग्जाम 3 से 6 अगस्त, 9 से 14 अगस्त, 17 से 21 और 25 अगस्त को देशभर के विभिन्न शहरों में 16 दिनों तक चलेगी।
शहर सूचना पर्ची पहले ही जारी हो चुकी है। जिसमें उन शहरों की जानकारी उपलब्ध होती है, जहां परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाएंगे। आरआरबी ने अपने नोटिस में स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र परीक्षा से 4 दिन पहले जारी होंगे। 3 अगस्त को होने वाली परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 31 जुलाई को जारी होगा। इसमें उम्मीदवार का नाम, सिग्नेचर, फोटोग्राफ, गाइडलाइंस और परीक्षा केंद्र से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी।
ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
- सबसे पहले आरआरबी की किसी भी आधिकारिक वेबसाइट (जैसे कि http://rrbranchi.gov.in) पर जाएं।
- होमपेज पर CEN 09/2025 लेवल-1 ई-कॉल लेटर के लिंक पर क्लिक करें।
- लॉग इन पेज खुलेगा। रजिस्ट्रेशन नंबर, पासवर्ड और कैप्चा कोड दर्ज करें।
- स्क्रीन पर एडमिट कार्ड नजर आएगा। इसे अच्छे से चेक करें।
- प्रवेश पत्र डाउनलोड करें। भविष्य में इस्तेमाल के लिए इसका प्रिंट आउट निकाल पर अपने पास जरूर रख लें।
परीक्षा का समय और पैटर्न जानें
आरआरबी ग्रुप डी परीक्षा में तीन शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे शुरू होगी। दूसरी शिफ्ट दोपहर 12:45 बजे और तीसरी शिफ्ट दोपहर 4:30 बजे शुरू होगी। 30 मिनट पहले ही गेट बंद कर दिए जाएंगे। एग्जाम शुरू होने से 1 घंटे 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्रों पर रिपोर्ट करने की सलाह दी जाती है।
परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी। 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। जनरल साइंस और मैथमेटिक्स से 25-25 प्रश्न इसमें शामिल होंगे। वहीं रीजनिंग से संबंधित 30 और जनरल अवेयरनेस से संबंधित 20 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 1/3 नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान होगा। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक मिलेंगे।
कुल 22,195 पदों पर भर्ती होने वाली है। उम्मीदवारों का चयन उम्मीदवारों का कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी), फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर होगा।
रेलवे का नोटिस देखें





