एसबीआई क्लर्क भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया ने एग्जाम डेट (SBI Clerk Exam 2025) का ऐलान कर दिया है। देशभर के विभिन्न शहरों में प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन ऑनलाइन मोड में 20, 21 और 27 सितंबर को किया जाएगा। एडमिट कार्ड जल्द ही जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार इसे आधिकारिक वेबसाइट sbi.co.in पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकते हैं।
प्रीलिम्स में चयनित उम्मीदवारों को ही मेंस में शामिल होने की अनुमति होगी। जिसका आयोजन नवंबर में हो सकता है। बता दें कि जूनियर एसोसिएट भर्ती का नोटिफिकेशन 5 अगस्त को जारी किया गया था। आवेदन की अंतिम तिथि 16 अगस्त 2025 थी। एग्जाम से 7 से 10 दिन पहले प्रवेश पत्र जारी हो सकते हैं। अपडेट के लिए ऑफिशियल वेबसाइट विजिट करते रहने की सलाह दी जाती है।
कितने पद खाली?
इस बार एसबीआई जूनियर एसोसिएट भर्ती परीक्षा के तहत कुल 6589 पदों पर भर्ती होने वाली है। जिसमें से 5180 रेगुलर और 1409 बैकलॉग वैकेंसी है। देशभर के विभिन्न एसबीआई शाखों में नियुक्ति होगी। पिछले साल रिक्त पदों की संख्या 14191 थी। इसमें ग्रेजुएट उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं।
परीक्षा का पैटर्न
प्रारंभिक परीक्षा में तीन सेक्शन शामिल होंगे। न्यूमेरिकल एबिलिटी और रिजनिंग से 35-35 प्रश्न पूछे जाएंगे। इंग्लिश लैंग्वेज से संबंधित 30 प्रश्न शामिल होंगे। प्रत्येक सेक्शन के लिए 20 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा की अवधि कुल 60 मिनट होगी। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। गलत उत्तर पर नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी होगा। मुख्य परीक्षा में कुल 190 प्रश्न पूछे जाएंगे। कुल अंक 200 होंगे। उम्मीदवारों को 2 घंटे 40 मिनट का समय दिया जाएगा। अंतिम चरण लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट का होगा, जिसमें ऑब्जेक्टिव और सब्जेक्टिव दोनों प्रकार के प्रश्न होंगे। नॉनवर्बल टेस्ट कुल 30 अंक का होगा। वर्बल टेस्ट भी 20 अंक का होगा।
ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
- सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं।
- होम पेज पर “करंट ओपनिंग” के ऑप्शन को चुनें।
- इसके बाद “जूनियर एसोसिएट भर्ती” के ऑप्शन में जाकर एडमिट कार्ड के लिंक को क्लिक करें।
- स्क्रीन पर नया पेज खुलेगा। जरूरी जानकारी दर्ज करके लॉगिन करें।
- एडमिट कार्ड को डाउनलोड करें।
- भविष्य के संदर्भ में इसका प्रिंटआउट निकाल कर अपने पास जरूर रख लें।





