कर्चमारी चयन आयोग ने चरण-13 चयन पोस्ट 2025 भर्ती परीक्षा के कंप्यूटर आधारित परीक्षण के नतीजे 5 फरवरी 2026 को घोषित कर दिए हैं। भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए कुल 67,543 उम्मीदवारों को योग्य घोषित किया गया है।
इसमें ग्रेजुएट लेवल के पदों के लिए 35,055 उम्मीदवार चयनित हुए हैं, वहीं 12वीं स्तर पर 14,768 और मैट्रिकुलेशन स्तर पर 17,720 अभ्यर्थी चुने गए हैं। इसके साथ ही आयोग द्वारा कटऑफ अंक भी प्रकाशित कर दिए हैं। बता दें कि जून 2025 में एसएससी ने कुल 2,423 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था।
Selection Post Phase XIII 2025: 67,543 उम्मीदवार चयनित
- मैट्रिकुलेशन (10वीं) स्तर के पदों के लिए सीबीटी परीक्षा का आयोजन 24 जुलाई से 2 अगस्त 2025 तक किया गया था। इन पदों के लिए कुल 12,09,332 आवेदन प्राप्त हुए थे और 17,720 चयनित हुए हैं।
- उच्चतर माध्यमिक (10+2) पदों के लिए परीक्षा 24 जुलाई से 2 अगस्त 2025 तक और 29 अगस्त 2025 को आयोजित हुई थी। इन पदों के लिए कुल 7,08,219 आवेदन प्राप्त हुए थे और 14,768 सफल हुए।
- स्नातक पदों के लिए 10,21,850 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था और 35,055 अभ्यर्थियों को चुना गया है।
11 फरवरी से खुलेगी दस्तावेज अपलोड करने की विंडो
- एसएससी सिलेक्शन पोस्ट फेज 13 के लिए जिन उम्मीदवारों का चयन हुआ है उन्हें अगले चरण यानी दस्तावेज सत्यापन या स्किल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।
- चयनित उम्मीदवारों को शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, श्रेणी, आयु और आयु में छूट (यदि लागू हो) से संबंधित स्व-सत्यापित दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
- दस्तावेज अपलोड करने की विंडो 11 फरवरी 2026 (सुबह 11:00 बजे) से खुलेगी। यह 3 मार्च 2026 (रात 11:00 बजे) तक खुली रहेगी।
- ध्यान रहे केवल एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in के माध्यम से अपलोड किए गए दस्तावेज ही स्वीकार किए जाएंगे। दस्तावेज जमा करने का कोई अन्य तरीका स्वीकार नहीं किया जाएगा।
- एसएससी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई उम्मीदवार एक से अधिक श्रेणियों के पदों के लिए पात्र है, तो प्रत्येक श्रेणी के लिए अलग-अलग दस्तावेज अपलोड करने होंगे।





