उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने कंबाइंड लोअर सब-ऑर्डिनेट सर्विसेज (Lower PCS) भर्ती 2026 को लेकर पदों की संख्या और आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाने का फैसला किया है। पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 18 जून 2026 तय की गई थी, जिसे अब 25 जून 2026 कर दिया गया है।
आवेदन फॉर्म में किसी भी प्रकार के संशोधन और फीस एडजस्टमेंट की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 2 जुलाई 2026 कर दिया गया है। जिन उम्मीदवारों ने पहले ही सफलतापूर्वक आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा फॉर्म भरने या शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि उन्हें पूर्व में किए आवेदन के अनुसार पदों के सापेक्ष अपना विकल्प व वरीयता देना अनिवार्य होगा।
17 जून 2026 को आयोग द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, आयोग ने पहले इस भर्ती के लिए कुल 2285 पदों पर विज्ञापन जारी किया था। इसके बाद 221 पदों को और शामिल करते हुए 2516 पदों पर आवेदन लिए जा रहे हैं। इसमें अब 71 पद और बढ़े हैं। अब कुल 2587 पदों पर चयन कार्यवाही की जाएगी।
UPSSSC Recruitment Details 2026:
संस्था का नाम: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग
परीक्षा का नाम: सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा मुख्य परीक्षा 2026
कुल पद : 2587
योग्यता : किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) की डिग्री होना अनिवार्य है। उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2025) का वैध स्कोरकार्ड होना चाहिए। मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्टिंग पीईटी-2025 के अंकों के आधार पर ही की जाएगी।
आयु सीमा : न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि, उत्तर प्रदेश सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षित श्रेणियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क: ₹25 (सभी श्रेणियों के लिए)
वेतनमान: पे-लेवल 4 से लेकर पे-लेवल 6 के तहत ₹25,500 से ₹1,12,400 तक रहेगा, जो अलग-अलग पदों के आधार पर तय होगा।
चयन प्रक्रिया: चयन मुख्य लिखित परीक्षा पर आधारित होगी। यह परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी और इसके लिए 2 घंटे का समय मिलेगा। पीईटी-2025 में शामिल उम्मीदवारों में से ही मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। जिन उम्मीदवारों को पीईटी में बहुत कम या शून्य अंक प्राप्त हुए हैं, उन्हें मुख्य परीक्षा के लिए चयनित नहीं किया जाएगा। जहां उम्मीदवारों के परिणाम जांच के अधीन हैं, उन्हें फिलहाल प्रोविजनल आधार पर आवेदन की अनुमति दी गई है। हालांकि, अंतिम चयन आयोग के निर्णय पर निर्भर करेगा
प्रमुख पद और विभाग
इस मुख्य परीक्षा के माध्यम से उत्तर प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में ग्रुप ‘सी’ के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसमें मुख्य रूप से अधिशासी अधिकारी (Executive Officer), सहायक चकबंदी अधिकारी (Assistant Chakbandi Officer), सहायक कोषागार लेखाकार (Assistant Treasury Accountant), ऑडिटर, अमीन/नीलामकर्ता और मंडी पर्यवेक्षक (Mandi Supervisor), अमीन, ऑक्शनियर, सहायक प्रबंधक, क्लर्क कम टाइपिस्ट, कैशियर कम क्लर्क, अकाउंट्स क्लर्क, ऑडिटर, सेंटर इंचार्ज, जिला सहायक टीकाकरण अधिकारी जैसे कई महत्वपूर्ण पद शामिल है।






