MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

खंडवा पहुंचे BJP प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, जंतर-मंतर आंदोलन और SIR पर विपक्ष को घेरा

प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार खंडवा पहुंचे हेमंत खंडेलवाल ने राहुल गांधी और जंतर-मंतर आंदोलन पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि लगातार चुनाव हारने वाले नेता बहाने ढूंढते हैं और एसआईआर प्रक्रिया इंदिरा गांधी के दौर में भी हुई थी।
खंडवा में हेमंत खंडेलवाल का राहुल गांधी पर निशाना, बोले- SIR प्रक्रिया का विपक्ष को करना चाहिए स्वागत

मध्य प्रदेश बीजेपी के नए प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल कल यानी रविवार अपने संगठनात्मक दौरे के सिलसिले में पहली बार खंडवा पहुंचे। प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद निमाड़ क्षेत्र के पहले दौरे पर आए खंडेलवाल का स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी के कोर ग्रुप के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए मंथन किया।

विरोध जताने का भी सलीका होना चाहिए

दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने और विरोध जताने का पूरा अधिकार है। हालांकि विरोध प्रदर्शन का एक सही तरीका और सलीका होना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार देश में ऐसी किसी भी स्थिति को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी जिससे विदेशी ताकतों को फायदा पहुंचे या देश विरोधी तत्व मजबूत हों।

लगातार हारने वाले नेता बहाने ढूंढते हैं

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और उनकी राजनीति पर करारा कटाक्ष करते हुए बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि जो दल लगातार चुनाव हार रहा है, उसके नेता अपनी नाकामी और नेतृत्व की कमी को छिपाने के लिए तरह-तरह के बहाने तलाशते रहते हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब देख रही है और लगातार हार के बाद भी कांग्रेस नेतृत्व अपनी कमियों को स्वीकार करने के बजाय दूसरों पर दोष मढ़ने का काम कर रहा है।

इंदिरा गांधी के दौर में भी हुई थी एसआईआर प्रक्रिया

वोटर लिस्ट सुधार की एसआईआर प्रक्रिया पर बात करते हुए खंडेलवाल ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है यह प्रक्रिया तो राहुल गांधी की दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के दौर में भी हुआ करती थी। उन्होंने कहा कि अगर मतदाता सूची से दो-दो जगह दर्ज नाम मृत व्यक्तियों के नाम या विदेशी नागरिकों के फर्जी नाम हटाए जा रहे हैं तो इस काम का विपक्ष को विरोध करने की जगह खुलकर स्वागत करना चाहिए।

हर बूथ तक पहुंचेगी पार्टी

अपने इस दौरे के दौरान हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी का मुख्य लक्ष्य हर बूथ तक अपनी पहुंच को और ज्यादा मजबूत बनाना है। उन्होंने निमाड़ अंचल के सभी जिलों के प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया और आने वाले समय में संगठन को जमीनी स्तर पर और ज्यादा धार देने का आह्वान किया जिससे स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया।

सुशील विधाणी की रिपोर्ट

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews
खंडवा पहुंचे BJP प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, जंतर-मंतर आंदोलन और SIR पर विपक्ष को घेरा