MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

खंडवा में बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही जली देवी प्रतिमा, 4 युवक झुलसे, अस्पताल में इलाज जारी

खंडवा में बुरहानपुर से लाई जा रही देवी प्रतिमा हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से जल गई। हादसे में चार युवक झुलसकर घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Khandwa News

खंडवा: नवरात्रि का त्योहार नजदीक आते ही देवी प्रतिमाओं को एक शहर से दूसरे शहर ले जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। दुर्गा उत्सव समितियां और माता के भक्त अपने-अपने संसाधनों से प्रतिमाओं को पंडालों तक पहुंचा रहे हैं। इसी बीच, बुरहानपुर से खंडवा लाई जा रही एक देवी प्रतिमा के साथ बड़ा हादसा हो गया।

जानकारी अनुसार, बुरहानपुर से खंडवा के टपालचाल क्षेत्र में स्थापना के लिए देवी प्रतिमा लाई जा रही थी। इसी दौरान मुकुलगांव के पास हाईवे पर प्रतिमा हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। इससे प्रतिमा में आग लग गई और वह जल गई। हादसे में चार युवक भी झुलसकर घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए खंडवा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही प्रतिमा में लगी आग

बता दें कि घटना नेशनल हाईवे पर मोकल गांव के टोल टैक्स के पास कालका ढाबे से पहले की बताई जा रही है। प्रतिमा को ट्राली पर रखकर बुरहानपुर से खंडवा लाया जा रहा था। हादसे के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही नजदीक थाने की पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल ही फायर बिग्रेड विभाग से भी संपर्क किया गया। साथ ही, विद्युत विभाग को सूचना देकर थोड़े समय के लिये हाईटेंशन लाइन की विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई।

जनप्रतिनिधियों ने जाना घायलों का हाल

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही विधायक कंचन मुकेश तनवे जिला अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हाल जाना। कुछ ही देर बाद महापौर अमृता अमर यादव भी अस्पताल पहुंचीं। साथ ही, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने भी डॉक्टरों से चर्चा कर घायलों के उपचार की जानकारी ली और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिये। इसके अलावा, पुलिस पूरे हादसे की जांच में जुट गई है।

खंडवा से सुशील विधाणी की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews
खंडवा में बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही जली देवी प्रतिमा, 4 युवक झुलसे, अस्पताल में इलाज जारी - MP Breaking News