मध्य प्रदेश की खरगोन लोकसभा सीट से भाजपा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल इन दिनों अपने बयानों को लेकर काफी सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने ‘हम दो, हमारे पांच’ का नारा देते हुए कहा था कि हर हिंदू को कम से कम पांच बच्चे पैदा करने चाहिए। अब उनके एक और बयान ने राजनीतिक गलियारों में बहस छेड़ दी है। भाजपा सांसद ने दावा करते हुये कहा कि डीजे पर नाचने वाले 90 प्रतिशत युवक-युवतियों नशे में होते हैं।
बता दें कि भाजपा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यह वीडियो 3 अक्टूबर का बताया जा रहा है, जब उन्होंने जिले के कसरावद के डोलानी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह बयान दिया था। वे शिवडोला, नवरात्रि और गणेश विसर्जन की झांकियों में बजने वाले डीजे और युवाओं के नाचने को लेकर बात कर रहे थे।
ये भी पढ़ें
90 प्रतिशत युवक-युवतियां नशे में डांस करते हैं: गजेंद्र पटेल
इसी दौरान, उन्होंने कहा कि डीजे और दारू, दोनों चीजें मिली हुई हैं और इन्हें बंद किया जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि आज युवाओं की मांग पर डीजे बजाए जाते हैं। सांसद ने डीजे पर नाचने वाले युवाओं के नशा करने को इसका एक बड़ा कारण बताया। उन्होंने कहा कि आज डीजे की धुन पर करीब 90 प्रतिशत युवक-युवतियां शराब के नशे में डांस करते हैं।
भाजपा सांसद ने दिया था ‘हम दो, हमारे पांच’ का नारा
गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने हिंदू परिवारों को लेकर एक बयान दिया था। उन्होंने ‘हम दो, हमारे पांच’ का नारा देते हुए कहा था कि हर हिंदू को कम से कम पांच बच्चे पैदा करने चाहिए। सांसद ने जनसंख्या संतुलन का मुद्दा उठाते हुए युवाओं से समय पर शादी करने और परिवार बढ़ाने की अपील भी की थी। उनका यह बयान भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था।