Hindi News

प्रेमानंद जी महाराज से मिलने पहुंचा अमिताभ बच्चन का हमशक्ल, सुनाई 19 लोगों की जान बचाने की कहानी

Written by:Bhawna Choubey
Published:
52 वर्षीय कॉमेडियन शशिकांत पेडवाल, जो दिखने में बिल्कुल अमिताभ बच्चन जैसे हैं, हाल ही में प्रेमानंद जी महाराज से आशीर्वाद लेने पहुंचे। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में बिग बी का रूप लेकर उन्होंने कैसे 19 लोगों को मौत के मुंह से बाहर निकाला।
प्रेमानंद जी महाराज से मिलने पहुंचा अमिताभ बच्चन का हमशक्ल, सुनाई 19 लोगों की जान बचाने की कहानी

कहते हैं कि अगर नीयत सच्ची हो तो इंसान भगवान का रूप बनकर भी दूसरों की जान बचा सकता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया अमिताभ बच्चन के हमशक्ल और कॉमेडियन शशिकांत पेडवाल ने, जिन्होंने कोरोना काल में इंसानियत की मिसाल पेश की। हाल ही में वे प्रेमानंद जी महाराज (Premanand Ji Maharaj) की शरण में पहुंचे और उनसे अपने अनुभव साझा किए। शशिकांत की कहानी सुनकर खुद महाराज जी भी भावुक हो उठे।

शशिकांत पेडवाल का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने अमिताभ बच्चन की आवाज़ और अंदाज़ अपनाकर लोगों में जिंदा रहने की उम्मीद जगाई। इस नेक काम के लिए उन्हें स्थानीय प्रशासन ने भी सम्मानित किया था।

प्रेमानंद जी महाराज की शरण में पहुंचे बिग बी के हमशक्ल

महाराष्ट्र के नासिक के रहने वाले शशिकांत पेडवाल बिल्कुल अमिताभ बच्चन जैसे दिखते हैं। हाल ही में वे बिग बी के लुक में ही प्रेमानंद जी महाराज से मिलने पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने पहले महाराज जी के चरणों में नमन किया और फिर बताया कि कैसे उन्होंने महामारी के दौर में अपना कर्तव्य निभाया। शशिकांत ने कहा, कोरोना काल में लोग जीने की उम्मीद खो चुके थे। चारों ओर निराशा थी। मैंने सोचा कि अगर मैं अमिताभ बच्चन के रूप में लोगों से बात करूं तो शायद उनमें जीने की चाह फिर जाग उठे। उन्होंने बताया कि उन्होंने 19 ऐसे मरीजों से बात की जो मानसिक रूप से टूट चुके थे, लेकिन उनके संवाद के बाद उनमें नई ऊर्जा जागी और वे जीवन की ओर लौट आए।

कोविड काल में किया असली ‘हीरो’ जैसा काम

शशिकांत ने कोविड काल में जो काम किया, वह किसी फिल्मी हीरो से कम नहीं था। वे वीडियो कॉल्स और लोकल कैंपेन के ज़रिए लोगों से बात करते थे। उन्होंने बिग बी के अंदाज़ में मोटिवेशनल बातें कीं हम गिर सकते हैं, मगर हार नहीं मान सकते। उनकी इस कोशिश से कई लोगों को मानसिक शक्ति मिली। बाद में स्थानीय कलेक्टर ने उनकी इस सामाजिक सेवा के लिए उन्हें सम्मानित भी किया। उनके अनुसार, लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई, और मुझे लगा कि यही असली भक्ति है।

प्रेमानंद जी महाराज की प्रतिक्रिया

जब शशिकांत ने यह सारी बातें प्रेमानंद जी महाराज को बताईं, तो महाराज जी ने कहा, तुमने जो किया, वह सेवा ही भगवान की सबसे बड़ी पूजा है। दूसरों में जीवन की आस जगाना सबसे बड़ा धर्म है। महाराज जी ने उन्हें आशीर्वाद दिया और कहा कि उनका यह कार्य दूसरों के लिए प्रेरणा बनेगा। शशिकांत ने बदले में प्रेमानंद जी को हरिवंश राय बच्चन की कविता “अग्निपथ” सुनाई, जिसे सुनकर वहां मौजूद सभी भक्त भावुक हो गए।

कौन हैं शशिकांत पेडवाल?

शशिकांत पेडवाल पेशे से कॉमेडियन और मोटिवेशनल स्पीकर हैं। वे कई स्टेज शोज़ कर चुके हैं और अपने अभिनय से लोगों का दिल जीत चुके हैं। उनकी पहचान अब सिर्फ अमिताभ बच्चन के हमशक्ल के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसानियत के सच्चे पुजारी के रूप में भी बन चुकी है। 52 साल के शशिकांत जब बिग बी के रूप में मंच पर आते हैं तो दर्शक दंग रह जाते हैं। उनकी बॉडी लैंग्वेज, डायलॉग डिलीवरी और चेहरे के हाव-भाव सब कुछ अमिताभ से हूबहू मेल खाता है। उन्होंने खुद अमिताभ बच्चन से मुलाकात भी की है, और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। शशिकांत कहते हैं कि बिग बी से मिलने के बाद उन्होंने जीवन का असली उद्देश्य समझा, लोगों को प्रेरित करना।

 

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
मुझे लगता है कि कलम में बहुत ताकत होती है और खबरें हमेशा सच सामने लाती हैं। इसी सच्चाई को सीखने और समझने के लिए मैं रोज़ाना पत्रकारिता के नए पहलुओं को सीखती हूँ। View all posts by Bhawna Choubey
Follow Us :GoogleNews