हर व्यक्ति की खासकर हर लड़की की ये इच्छा होती है कि उसके होंठ एकदम गुलाबी और सॉफ्ट बने रहें। बिना लिपस्टिक के गुलाबी नजर आने वाले होंठ पाना उतना भी आसान नहीं होता जितना लगता है। अगर सही देखभाल नहीं मिलती तो किसी के भी होंठ काले हो जाते हैं। कई बार केमिकल वाले प्रोडक्ट भी इन्हें नुकसान पहुंचाने का काम करते हैं।
अगर आप यह चाहते हैं कि आपके होंठ नेचुरल तरीके से खूबसूरत बने रहें तो आज हम आपके लिए कमाल का आईडिया लेकर आए हैं। इसके लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है बस घर पर एक लिप बाम तैयार करना होगा। गुलाब की पंखुड़ियों की मदद से आप इस नेचुरल लिप बाम को बना सकते हैं। इसके उपयोग से आपके होंठ एकदम सॉफ्ट, नेचुरल पिंक और मोइश्चराइज्ड बने रहेंगे। चलिए जानते हैं कि आपको क्या-क्या सामान लगेगा और आप इसे कैसे बना सकते हैं।
ये भी पढ़ें
लगेगी ये सामग्री
होममेड लिप बाम बनाने के लिए आपको लाल गुलाब की पंखुड़ियां, एक चम्मच नारियल का तेल, आधा चम्मच ग्लिसरीन और आधा चम्मच विटामिन ई का तेल या फिर दो कैप्सूल लेने होंगे।
कैसे बनेगा होममेड रोज लिप बाम
- गुलाब से लिप बाम बनाने के लिए आपको सबसे पहले पंखुड़ियों को अच्छी तरह से धोकर मिक्सर में पीसना होगा। पीसने के बाद इन्हें एक बर्तन में निकाल कर रख लें।
- अब आपको दूसरे बर्तन में नारियल का तेल लेना है और उसमें पीसी हुई पंखुड़ियां डालना है। इसके साथ ग्लिसरीन और विटामिन ई का ऑयल भी मिलाएं। इन सारी चीजों को तब तक मिक्स करें जब तक एक स्मूद पेस्ट तैयार नहीं हो जाता।
- अब आपको इस मिश्रण को एक साफ कांच की डिब्बी या फिर अपने पुराने लिप बाम कंटेनर में भर कर रखना होगा।
- इसे 2 से 3 घंटे के लिए फ्रिज में रखें ताकि अच्छी तरह से सेट हो जाए।
- सेट होने के बाद आपका गुलाब से बना हुआ नेचुरल लिप बाम बिल्कुल तैयार है।
- आप इसे दिन में दो से तीन बार या फिर रात में सोते समय इस्तेमाल कर सकते हैं।
लिप्स नजर आएंगे सॉफ्ट और पिंक
लिप बाम का उपयोग करने से पहले इसका पैच टेस्ट जरूर कर लें ताकि आपको यह समझ में आ जाए कि यह आपको सूट करने वाला है या नहीं। यह नेचुरल लिप बाम है जो ज्यादा देर तक नहीं टिकेगा इसलिए आप इसे दिन में दो बार इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके इस्तेमाल से आपके होंठ बिल्कुल मॉइश्चराइज, सॉफ्ट और नेचुरली पिंक बने रहेंगे।
कैसे रखें सुरक्षित
गुलाब की पंखुड़ियां से बना हुआ यह नेचुरल लिप बाम 2 से 3 महीने तक फ्रिज में रखा जा सकता है। इसमें विटामिन ई का कैप्सूल मिलाया जाता है जिससे यह अधिक दिनों तक चलता है। इसे सुरक्षित रखने के लिए हमेशा ठंडी और अंधेरी जगह पर रखें। जो कंटेनर आप उपयोग कर रहे हैं वह साफ और सूखा होना चाहिए ताकि फंगस की समस्या ना हो। इसे बनाते समय कभी भी पानी वाली सामग्री या फिर दूध का प्रयोग ना करें अन्यथा यह खराब हो जाएगा। इसका इस्तेमाल करते समय अगर गंध बदल जाए या फिर रंग फीका पड़ जाए तो इसे अलग कर देना चाहिए।
Disclaimer: यहां दी गई सूचना सामान्य जानकारी के आधार पर बताई गई है। उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें। MP Breaking News इसकी पुष्टि नहीं करता।