गुलाब को फूलों का राजा कहा जाता है। इसकी खुशबू और खूबसूरती हर बाग को खास बना देती है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि गमले या बगीचे में लगे गुलाब का पौधा हरा-भरा तो दिखता है, लेकिन फूल बिल्कुल नहीं खिलते। ऐसे में लोग मायूस हो जाते हैं और सोचते हैं कि शायद पौधा खराब हो गया।
लेकिन अच्छी खबर यह है कि पौधे को थोड़ी सी देखभाल और सही पोषण देकर फिर से पहले जैसा बनाया जा सकता है। बागवानी विशेषज्ञ बताते हैं कि सितंबर महीने में गुलाब की देखभाल करने का तरीका बाकी महीनों से थोड़ा अलग होता है। इस समय एक खास जादुई पाउडर डालने से गुलाब का पौधा फिर से खिल उठता है और हर डाल पर इतने फूल आते हैं कि गिनते-गिनते लोग थक जाते हैं।
ये भी पढ़ें
गुलाब की सही देखभाल क्यों जरूरी है?
गुलाब का पौधा नाजुक माना जाता है। गर्मी, नमी और मिट्टी की कमी से इसका विकास रुक जाता है। अगर समय पर खाद और पोषण न मिले तो इसमें फूल नहीं आते। कई लोग महंगी खाद और केमिकल इस्तेमाल करते हैं, लेकिन उनका असर लंबे समय तक नहीं रहता।
सितंबर का महीना गुलाब की ग्रोथ के लिए अहम है, क्योंकि इसके बाद ठंड का मौसम शुरू होता है, जिसमें गुलाब सबसे ज्यादा खिलते हैं। अगर इस समय सही देखभाल की जाए तो पूरा सर्दी का मौसम गुलाबों से महक उठता है।
कौन-सा पाउडर डाले जिससे हर डाल पर खिलें गुलाब?
1. बोनमील पाउडर
यह पाउडर गुलाब के पौधे के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। इसमें फॉस्फोरस और कैल्शियम की भरपूर मात्रा होती है। इसे सितंबर के अंत से पहले गमले की मिट्टी में मिलाने से पौधा तेजी से बढ़ता है और फूलों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है।
2. नीमखली पाउडर
नीमखली पाउडर पौधे को प्राकृतिक कीटों से बचाता है। कई बार गुलाब के पौधों पर कीड़े लग जाते हैं जिससे फूल आने रुक जाते हैं। मिट्टी में नीमखली डालने से पौधे को प्राकृतिक सुरक्षा मिलती है और जड़ों की ग्रोथ भी बेहतर होती है।
3. सरसों खली पाउडर
यह पाउडर गुलाब के पौधे को नाइट्रोजन और पोटैशियम देता है। इससे पत्ते हरे-भरे रहते हैं और फूलों की संख्या बढ़ जाती है। बागवानी विशेषज्ञ कहते हैं कि इसे पानी में घोलकर पौधे में डालना सबसे ज्यादा असरदार होता है।
पौधे में पाउडर डालने का सही तरीका
- सबसे पहले गमले की ऊपरी मिट्टी को हल्का सा खोद लें।
- अब एक से दो चम्मच बोनमील पाउडर या नीमखली पाउडर मिट्टी में मिला दें।
- इसके बाद थोड़ा पानी डालें ताकि पाउडर जड़ों तक पहुंच सके।
- ध्यान रहे, पाउडर डालने के बाद पौधे को सीधे धूप में न रखें।
- अगर ये तरीका सितंबर खत्म होने से पहले अपना लिया जाए तो आने वाले ठंड के मौसम में आपके गुलाब का पौधा इतने फूल देगा कि लोग देखकर दंग रह जाएंगे।