Hindi News

World Dream Day : सपनों का जश्न मनाएं, विश्व स्वप्न दिवस पर लें अपने सपने साकार करने का संकल्प

Written by:Shruty Kushwaha
Last Updated:
विश्व स्वप्न दिवस का उद्देश्य जागृत अवस्था में सपने देखने और उन्हें साकार करने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। जब हम सपने देखते हैं तो अपने जीवन के उन लक्ष्यों और इच्छाओं को पूरा करने का प्रयास करते हैं। यह दिन हमें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उनकी ओर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है। आज का दिन व्यक्तिगत विकास के साथ सामूहिक कल्याण के लिए काम करने की प्रेरणा भी देता है।
World Dream Day : सपनों का जश्न मनाएं, विश्व स्वप्न दिवस पर लें अपने सपने साकार करने का संकल्प

World Dream Day : आज वर्ल्ड ड्रीम डे है। हर साल 25 सितंबर को विश्व स्वप्न दिवस मनाया जाता है। यह दिन लोगों को अपने सपनों, विचारों और लक्ष्यों के बारे में सोचने, उन्हें साझा करने और साकार करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मनाया जाता है।

जब हम बात कर रहे हैं विश्व स्वप्न दिवस की..तो असल में इसका तात्पर्य खुली आंखों से देखे जाने वाले सपनों से हैं। नींद में हम जो सपने देखते हैं, वो नहीं..बल्कि आज बात हो रही है उन सपनों की जो जागृत अवस्था में देखे जाते हैं। हर व्यक्ति की अपने जीवन में कोई लक्ष्य या इच्छा होती है जिसे दूसरे शब्दों में हम अपना सपना कहते हैं और आज का दिन उन्हीं सपनों को और उन्हें पूरा करने के पुरुषार्थ को समर्पित है।

विश्व स्वप्न दिवस का उद्देश्य और महत्व

विश्व स्वप्न दिवस की शुरुआत 2012 में कोलंबिया विश्वविद्यालय के शिक्षाविद, रणनीतिकार और विचारक ओज़ियोमा एग्वोनवु द्वारा की गई थी। इसके पीछे उनका उद्देश्य था कि व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से मानवता के बेहतर भविष्य के सपनों को प्रेरित और साकार किया जा सके। इस दिन का मुख्य उद्देश्य लोगों द्वारा न केवल अपने व्यक्तिगत सपनों पर ध्यान केंद्रित करना है, बल्कि एक बेहतर विश्व के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से काम करने के लिए प्रेरित करना भी है। इसमें जागरूकता, नवाचार और सामूहिक विकास के माध्यम से विश्व के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान खोजने के प्रयास भी किए जाते हैं।

इस साल की थीम 

इस साल वर्ल्ड ड्रीम डे की थीम Dreams for The Future यानी ‘भविष्य के लिए सपने’ है। इसका उद्देश्य यह है कि हम भविष्य में किस प्रकार के समाज का निर्माण करना चाहते हैं और उन स्वप्न को साकार करने के लिए किस तरह के प्रयास करते हैं। आज का दिन उन सभी लोगों को एक मंच प्रदान करता है, जो अपने सपनों को आगे बढ़ाने और दूसरों को प्रेरित करने की क्षमता रखते हैं।

सपने साकार करने का संकल्प लेने का दिन

विश्व स्तर पर, यह दिन कई स्कूलों, संगठनों और व्यक्तिगत स्तर पर मनाया जाता है जहां लोग अपने सपनों को वास्तविकता में बदलने की कार्ययोजना बनाते हैं। इसी के साथ विश्व स्वप्न दिवस पर कई गतिविधियों का आयोजन भी होता है, जैसे कि विजन बोर्ड बनाना, ओपन माइक इवेंट्स और सोशल मीडिया पर अपने सपनों को साझा करना। आज का दिन हमें एक बेहतर समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करता है। यह दिन न केवल व्यक्तिगत रूप से, बल्कि सामूहिक रूप से भी विकास की ओर ले जाने की प्रेरणा देता है। यह हमें याद दिलाता है कि हमारे सपने ही हमारे भविष्य की बेहतर नींव रख सकते हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews