बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की महिलाओं से अकेले धाम न आने की अपील के बाद नया विवाद छिड़ गया है। इस बयान के बाद साध्वी हर्षानंद गिरि ने देश भर के आश्रमों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जब आश्रम बनाने वाले खुद अपने सेवादारों पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं, तो आम लोग वहां अपने परिवार को कैसे सुरक्षित समझ सकते हैं।
साध्वी हर्षानंद गिरि के इस बयान को सीधे धीरेंद्र शास्त्री की अपील से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने महिलाओं को अकेले न आने की सलाह दी थी। साध्वी ने साफ कहा कि अगर कोई संत अपने ही आश्रम के लोगों की गारंटी नहीं ले सकता, तो फिर वहां आम जनता की सुरक्षा कौन करेगा। इस बयान के सामने आने के बाद अब धार्मिक गलियारों में आश्रमों के माहौल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस काफी तेज हो गई है।
ये भी पढ़ें
घर रहकर पूजा-पाठ की सलाह
साध्वी ने श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि वे आश्रमों के चक्कर में पड़ने के बजाय मंदिर जाएं, भगवान के दर्शन करें और सीधे अपने घर लौट आएं। उन्होंने कहा कि कौन सी जगह सुरक्षित है और कौन सी नहीं, इस झंझट में पड़ने से बेहतर है कि लोग अपने घर में रहकर ही मंत्र जाप और पूजा-पाठ करें। जिन्होंने आश्रम बनाए हैं, जब वही उन्हें नहीं संभाल पा रहे, तो आम लोगों को आश्रम की राजनीति में नहीं फंसना चाहिए।
धीरेंद्र शास्त्री ने जताई थी सुरक्षा की चिंता
दरअसल 3 अक्टूबर की रात पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने धाम में आए श्रद्धालुओं और खासकर महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा था कि महिलाएं अकेले बागेश्वर धाम न आएं और न ही किसी अनजान व्यक्ति या धाम के सेवादार पर आंख मूंदकर भरोसा करें। शास्त्री ने स्पष्ट किया था कि वे सिर्फ मंदिर और हॉल परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी ले सकते हैं, पूरे 5 किलोमीटर के इलाके की जिम्मेदारी उनकी नहीं है।
बदनामी से बचने के लिए उठाया कदम
धीरेंद्र शास्त्री ने वृंदावन जैसी धार्मिक नगरियों में सामने आई अप्रिय घटनाओं का हवाला देते हुए कहा था कि वे नहीं चाहते कि किसी गड़बड़ी की वजह से बागेश्वर धाम या बालाजी महाराज का नाम खराब हो। इसीलिए उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की थी कि वे धाम में ज्यादा दिन न रुकें और अपने सामान व सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद संभालें। उनके इसी बयान के बाद अब साध्वी हर्षानंद का यह पलटवार सामने आया है।