Hindi News

मध्य प्रदेश के इस शहर की हवा भी है देश में सबसे स्वच्छ, जानिए नाम और कितने मिले अंक?

Written by:Rishabh Namdev
Published:
मध्य प्रदेश के इंदौर ने स्वच्छता में तो पूरे देश में नाम कमाया ही है, लेकिन अब देशभर में सबसे स्वच्छ हवा के मामले में भी पहला स्थान हासिल कर लिया है। इस मौके पर इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इंदौर की जनता का आभार जताया है।
मध्य प्रदेश के इस शहर की हवा भी है देश में सबसे स्वच्छ, जानिए नाम और कितने मिले अंक?

देश का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर हर मामले में नंबर एक का स्थान हासिल कर रहा है। अब इंदौर ने सबसे स्वच्छ वायु के मामले में भी पहला स्थान हासिल कर लिया है, जिसके चलते इंदौर को स्वच्छ वायु अवार्ड से सम्मानित किया गया है। इस अवार्ड को प्राप्त करने के लिए इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव दिल्ली स्थित पर्यावरण भवन पहुंचे। दरअसल, मंगलवार को पर्यावरण भवन में दोपहर में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इंदौर को यह सम्मान प्रदान किया।

इंदौर नासिक वायु सर्वेक्षण में पहले स्थान पर रहा, जबकि स्वच्छता के मामले में भी लगातार नंबर एक का स्थान हासिल कर रहा है। इसके चलते इंदौर ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में खुद को सबसे सर्वश्रेष्ठ सिद्ध किया है।

200 में से 200 अंक हासिल किए

दरअसल, इंदौर ने न सिर्फ देश भर में स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में पहला स्थान प्राप्त किया, बल्कि 200 में से 200 अंक हासिल कर स्वच्छ वायु के क्षेत्र में एक नया इतिहास भी स्थापित कर दिया। यह अवार्ड इंदौर वासियों के लिए ही नहीं, पूरे मध्य प्रदेश के लिए गौरव करने वाला अवार्ड रहा है। इस मौके पर इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ सांसद शंकर लालवानी भी मौजूद रहे। इंदौर को इन मामलों में नंबर वन बनाने के लिए इंदौर के नागरिकों ने भरपूर समर्थन किया है। शहर की जनता साफ-सफाई को लेकर अत्यधिक जागरूक है और अन्य शहरों के लिए उदाहरण भी पेश कर रही है।

जानिए इस मौके पर क्या बोले महापौर पुष्यमित्र भार्गव?

वहीं इस खास मौके पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शहर में स्वच्छ हवा और प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखने के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की जा रही है। यह सम्मान इंदौर की जनता की जागरूकता और सहभागिता का सफल परिणाम है। एक साथ दो बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिलना इंदौर के लिए गर्व और बेहद खुशी की बात है। दरअसल, इस दौरान उन्होंने यह जानकारी भी दी कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा इंदौर को वेटलैंड सिटी का दर्जा दिया गया है और इसका प्रमाणपत्र भी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव द्वारा इसी कार्यक्रम में प्रदान किया गया।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews