ट्रेनों में चोरी करने वाली इंटरस्टेट गैंग का खुलासा, 4 आरोपी पकड़े, लाखों का माल बरामद

ट्रेनों में चोरी करने वाली इंटरस्टेट गैंग का खुलासा, 4 आरोपी पकड़े, लाखों का माल बरामद

ग्वालियर, अतुल सक्सेना। ट्रेनों में चढ़कर यात्रियों के मददगार बनकर उनके बैग और सूटकेस से कीमती सोने चांदी के जेवर और कैश चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश जीआरपी (GRP) ने किया है। पुलिस ने इस गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है इनके कब्जे से 10 लाख रुपये के जेवरात और कैश बरामद किया है। गिरोह के दो आरोपी अभी फरार हैं।

एडिशनल एसपी रेल प्रतिमा मैथ्यू (Pratima Maithyu)ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रेनों में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं के चलते जीआरपी (GRP) बहुत सतर्क थी। इसी सतर्कता के बीच कल 3 फरवरी को दिन के समय टीआई थाना ब्रॉड गेज अजीत कुमार चौहान को सूचना मिली थी कुछ संदिग्ध युवक ग्वालियर रेलवे स्टेशन (Gwalior Railway Station)पर आगरा छोर की तरफ केबिन के पास खड़े हैं। सूचना मिलते ही डीएसपी शुभा श्रीवास्तव और टीआई अजीत कुमार चौहान ने घेराबंदी कर चार युवकों को पकड़ लिया उनकी तलाशी में उनके पास से प्लायर, पेचकस, कटर आदि टूल्स बरामद हुए। युवकों को थाने लाकर जब इन टूल्स के बारे में पूछताछ की गई तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।

सांसी गेंग के सदस्य निकले चोर,ग्वालियर मुरैना के पांच चोरी स्वीकार की

जीआरपी (GRP) ने जब युवकों से कड़ाई से पूछताछ की तो उन्होंने खुद को सांसी गैंग का सदस्य बताया और पूरे देश में ट्रेनों में घूमकर चोरी करने की बात कही। पुलिस ने जब सख्ती की तो उन्होंने ग्वालियर जीआरपी (GRP) में चार और मुरैना जीआरपी (GRP) में एक वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उनके दो साथी फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 लाख रुपये के सोने चांदी के जेवरात और कैश बरामद किया है।


हरियाणा के रहने वाले हैं, अभी तक 70 ट्रेनों में की वारदात

पकड़े गए आरोपियों सुरेंद्र कुमार, अतर सिंह, रविंद्र सिंह और राजेंद्र ने बताया कि वे मूलतः हरियाणा के रहने वाले हैं । अभी दिल्ली में सुल्तानपुरी में रहते है इनके दो साथी विजय और विनोद अभी फरार हैं। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अभी तक दिल्ली से चलने वाली 70 ट्रेनों में वारदातें की हैं। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद तेलंगाना, तमिलनाडू, उत्तरप्रदेश, कर्णाटक, राजस्थान सहित अन्य राज्यों को सूचित कर दिया है कि आरोपियों से पूछताछ कर लें।

गैंग को पकड़ने वाली टीम को पुरस्कृत करेंगे डीजीपी

एडिशनल एसपी रेल प्रतिमा मैथ्यू ने बताया कि हरियाणा की इस सांसी इंटरस्टेट गैंग को पकड़ने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा प्रदेश के डीजीपी ने की है साथ ही गजेस्टेड अधिकारियों को प्रशंसा पत्र देने की भी बात कही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews