
उज्जैन, डेस्क रिपोर्ट। शहर के देवास रोड स्थित माधव नगर थाना क्षेत्र के पास डिवाइन वैली शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के एक स्पा में कुछ बदमाशों ने जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद शॉपिंग कॉम्प्लेक्स सहित पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। यह घटना कल रात की है लेकिन अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह बदमाश कौन थे और किस पर हमला करने आए थे।
डिवाइन वैली मल्टी की पहली मंजिल पर प्लेनेट नाम का स्पा संचालित किया जाता है। बीती रात कुछ लोगों ने यहां पर जमकर बवाल मचाया। स्पा संचालक अली खान का कहना है कि 7 से 8 बदमाश अपना मुंह कपड़े से ढक कर यहां पहुंचे और जमकर तोड़फोड़ करने लगे। तोड़फोड़ में फर्नीचर, कांच के काउंटर, कंप्यूटर और एसी को नुकसान पहुंचा है। यह जानकारी भी मिली है कि दोपहर में कुछ लोग रुपयों की मांग कर रहे थे और शाम को यह घटना हो गई।
Must Read- 4 बच्चों की मौत के बाद खुली RTO की नींद, चालानी कार्यवाई के साथ जब्त किए 10 स्कूल वाहन
तोड़फोड़ करने वाले बदमाश अपने साथ गल्ले में रखें 12 हजार भी ले गए। स्पा संचालक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उन्हें ढूंढा जा रहा है।
देवास रोड स्थित डिवाइन वैली मल्टी में हमेशा ही युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। समय के साथ ये मल्टी असामाजिक तत्वों के लिए हुडदंग करने का अड्डा बनती जा रही है। देवास रोड से कई पॉश कॉलोनी लगी हुई हैं और उनके पास स्थित ये स्पा सेंटर पहले भी विवाद में रह चुका है।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

