Hindi News

कड़ाके की ठंड व घने कोहरे की चपेट में मध्य प्रदेश, एक हफ्ते तक ऐसा ही रहेगा मौसम, पढ़े IMD का ताजा पूर्वानुमान

Written by:Pooja Khodani
Last Updated:
MP Weather Today : प्रदेश में एक बार फिर ठिठुरन बढ़ने लगी है। भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में घना कोहरा छाया हुआ है। फिलहाल दो तीन दिनों तक मौसम का मिजाज यूहीं बना रहेगा।
कड़ाके की ठंड व घने कोहरे की चपेट में मध्य प्रदेश, एक हफ्ते तक ऐसा ही रहेगा मौसम,  पढ़े IMD का ताजा पूर्वानुमान

जनवरी लगते ही मध्य प्रदेश का मौसम एकदम से बदल गया है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते प्रदेश में ठिठुरन बढ़ने लगी है। शनिवार सुबह कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता कम रही, जिससे सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। सड़कों पर वाहनों की गति धीमी रही। 12 जिलों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। दतिया और राजगढ़ जिलों में कोल्ड डे रहा। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस नर्मदापुरम और सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल (IMD) के दैनिक बुलेटिन के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 278 किमी/ घंटा की गति से जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। इसके असर से अगले 2 से 3 दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बने रहने का अनुमान है। 4 से 6 जनवरी के बीच रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है, इस दौरान शीतलहर का असर भी तेज हो सकता है। रविवार को भोपाल में आंशिक बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 22 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 10 से 12 किमी/घंटा रह सकती है।

4,5 और 6 जनवरी को इन जिलों में छाया रहेगा घना कोहरा

  • 4 जनवरी (रविवार): सुबह-शाम भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सागर, दमोह, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, कटनी और मैहर।
  • 5 जनवरी (सोमवार): ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली।
  • 6 जनवरी (मंगलवार): शिवपुरी, श्योपुर, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली।

शनिवार को कहां कैसा रहा मध्य प्रदेश में मौसम

  • शिवपुरी में 6.0, दतिया में 6.6,ग्वालियर में 7.7 और कल्याणपुर (शहडोल) में 8.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
  • नर्मदापुरम में 29.0, खरगौन में 28.6, खंडवा में 28.1, सिवनी में 27.8 और तालुन (बड़वानी) में 27.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।
  • राजगढ़, दतिया जिलो में शीतल दिन रहा।
  • ग्वालियर में अति घना, जबलपुर-इंदौर में घना और भोपाल-नर्मदापुरम में मध्यम कोहरा छाया रहा।
  • रतलाम, उज्जैन, रीवा, सीधी, दतिया, छतरपुर (खजुराहो), मंडला, सतना, गुना, राजगढ़, सागर, रायसेन, दमोह जिलो में हल्का कोहरा दर्ज किया गया।
  • घने कोहरे के चलते दिल्ली से मध्य प्रदेश आने-जाने वाली मालवा, सचखंड, शताब्दी एक्सप्रेस भी प्रभावित रही।

MP Weather Forecast Report

 

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 9 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani
Follow Us :GoogleNews