भोपाल: बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश का दबदबा देखने को मिला है। प्रदेश के कई नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं, वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा को पार्टी के नए प्रकोष्ठ में जिम्मेदारी मिली है। यह प्रकोष्ठ अलग-अलग सेल को एक साथ जोड़कर उनके बीच तालमेल बढ़ाने का काम करेगा। खास बात यह है कि इसके जरिए बीजेपी की नजर ऐसे प्रोफेशनल्स पर भी होगी, जो अपने-अपने क्षेत्र में पहचान रखते हैं लेकिन अब तक राजनीति से दूर हैं।
नई जिम्मेदारी मिलने पर वीडी शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने सेल और प्रकोष्ठों को लेकर नई व्यवस्था शुरू की है। देशभर में अलग-अलग क्षेत्रों के लिए काम कर रहे सेल के बीच तालमेल बढ़ाना और उनके काम का विस्तार करना इसकी बड़ी जिम्मेदारी होगी।
वीडी शर्मा ने कहा कि समाज में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं, जो अलग-अलग प्रोफेशन में अच्छा काम कर रहे हैं लेकिन उनका राजनीति से कोई संबंध नहीं है। अब ऐसे लोगों को भी पार्टी से जोड़ने की कोशिश होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प का भी जिक्र किया, जिसमें एक लाख ऐसे लोगों को जनप्रतिनिधि के रूप में आगे लाने की बात कही गई है, जिनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है।
MP के कई नेताओं को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी
वीडी शर्मा ने कहा कि नई राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश के कई कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने गजेंद्र सिंह, लाल सिंह आर्य, कविता पाटीदार, बंशीलाल गुर्जर और आशीष अग्रवाल का जिक्र करते हुए सभी को बधाई दी। शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में बनी टीम अनुभवी होने के साथ मल्टी डायमेंशनल है और इसमें अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को जगह मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने में संगठन की भी बड़ी भूमिका है। ऐसे में नई टीम के सामने पार्टी के काम को देश के हर हिस्से और हर वर्ग तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी।
चुनावी राज्यों को लेकर किया बड़ा दावा
वीडी शर्मा ने आने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भी बीजेपी की रणनीति और लक्ष्य की बात की। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और पंजाब जैसे राज्यों में पार्टी पूरी ताकत के साथ काम करेगी। जिन राज्यों में अभी बीजेपी की सरकार नहीं है, वहां सरकार बनाने का लक्ष्य है।
उन्होंने दावा किया कि नई राष्ट्रीय टीम इन राज्यों में बीजेपी की जीत का इतिहास रचने में सक्षम है। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बूथ स्तर तक संगठन पर फोकस करते हैं और यही बीजेपी की ताकत है। आने वाले समय में नई टीम इसी ताकत को और बढ़ाने का काम करेगी।





