महाराष्ट्र में मीरा रोड सोसायटी में बकरों को लेकर हंगामा, हिंदू संगठनों ने किया हनुमान चालीसा का पाठ, जानिए क्या है पूरा मामला?

मुंबई से सटे मीरा रोड की पूनम क्लस्टर सोसायटी में बकरीद से पहले बकरों को लेकर हंगामा हो गया है। दरअसल हिंदू संगठनों ने हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध जताया है, जिसके बाद बकरों को हटाया गया है।
महाराष्ट्र में मीरा रोड सोसायटी में बकरों को लेकर हंगामा, हिंदू संगठनों ने किया हनुमान चालीसा का पाठ, जानिए क्या है पूरा मामला?

मुंबई से सटे मीरा रोड की पूनम क्लस्टर सोसायटी में बकरों को लेकर शुरू हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। दरअसल हिंदू संगठनों ने सोसायटी परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। यह हंगामा सोसायटी के अंदर बकरीद के लिए बकरे लाए जाने और उनके लिए शेड बनाने को लेकर शुरू हुआ था। विवाद बीती रात से ही गहरा गया था, जहां दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए थे।

दरअसल मीरा रोड स्थित पूनम क्लस्टर सोसायटी में बीती रात दो समुदायों के लोगों के बीच जमकर मारपीट भी हुई। सोमवार सुबह से ही हिंदूवादी संगठन मौके पर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं प्रदर्शन के दौरान हिंदू संगठनों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और जमकर नारेबाजी की। भीड़ अचानक बेकाबू होने लगी, जिसके बाद हालात संभालने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ा और कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया।

बकरों को किया गया शिफ्ट

वहीं भारी विवाद के बाद, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की दखल से आखिरकार मामला सुलझ गया। बकरों को टैंपो में भरकर सोसायटी परिसर से निकालकर दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। इस घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में आई। इस पूरे विवाद की शुरुआत रविवार, 25 मई, को दिन में ही हुई थी, लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़ गया। मीरा रोड की जिस पूनम सोसायटी में हंगामा हुआ, वहां पार्किंग क्षेत्र में बकरे बंधे हुए पाए गए थे। तनाव का मुख्य कारण बकरीद से पहले सोसायटी परिसर में बकरे रखने के लिए एक शेड का निर्माण था। सोसायटी के निवासियों और हिंदू संगठनों ने इस शेड के निर्माण का कड़ा विरोध किया था।

अवैध शेड को गिराया गया

दरअसल शिकायत मिलने के बाद महानगरपालिका ने कार्रवाई करते हुए इस अवैध शेड को गिरा दिया था। जानकारी के अनुसार, जब दोबारा यहां शेड बनाने का प्रयास किया गया तो दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

पूनम क्लस्टर सोसायटी में हुए इस हंगामे के बाद राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस नेता नसीम खान ने इस पूरे विवाद के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके नेता इस संवेदनशील मामले को जानबूझकर हिंदू-मुस्लिम रंग देने में जुटे हुए हैं, जिससे समाज में दरार पैदा हो।

भाजपा नेता भी विवादित स्थल पर पहुंचे

वहीं, भाजपा नेता किरीट सोमैया भी विवादित स्थल पर पहुंचे। उन्होंने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नया नगर के कुछ मुस्लिम नेता ‘मिनी पाकिस्तान’ बनाना चाहते हैं। सोमैया ने आगे आरोप लगाया कि जानबूझकर जैन समाज और हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए सोसायटी के अंदर बकरे लाकर कुर्बानी का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऐसी गतिविधियों से जिहादी प्रवृत्ति को बढ़ावा देने का काम किया जा रहा है, जो समाज के लिए हानिकारक है।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews