Hindi News

मुंबई को 11 फरवरी को मिलेगी नई महिला मेयर, BJP-शिंदे गुट के पास बहुमत, जानें पूरा समीकरण

Written by:Ankita Chourdia
Published:
मुंबई को लगभग एक महीने के इंतजार के बाद 11 फरवरी को नया मेयर मिल जाएगा. यह पद एक महिला पार्षद के लिए आरक्षित है. BMC में BJP-शिंदे गुट गठबंधन के पास बहुमत का आंकड़ा है, जिससे उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है.
मुंबई को 11 फरवरी को मिलेगी नई महिला मेयर, BJP-शिंदे गुट के पास बहुमत, जानें पूरा समीकरण

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव के लगभग एक महीने बाद अब शहर को अपना 78वां मेयर मिलने जा रहा है. अधिकारियों ने मंगलवार को जानकारी दी कि 11 फरवरी को मुंबई के नए महापौर के लिए चुनाव होंगे. इस बार यह पद सामान्य वर्ग की महिला पार्षद के लिए आरक्षित किया गया है, यानी मुंबई की अगली मेयर एक महिला होंगी.

लंबे समय से BMC का कामकाज प्रशासक के जरिए चल रहा है. पिछले सदन का कार्यकाल 7 मार्च, 2022 को समाप्त हो गया था, जिसके बाद से बीएमसी कमिश्नर ही प्रशासक की भूमिका निभा रहे हैं. अब नवनिर्वाचित पार्षदों के पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेयर चुनाव का रास्ता साफ हो गया है.

BJP-शिंदे गठबंधन का पलड़ा भारी

227 सीटों वाली BMC में मेयर बनने के लिए 114 पार्षदों के समर्थन की जरूरत होती है. इस बार के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. वहीं, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 29 सीटें मिली हैं. दोनों दलों के गठबंधन के पास कुल 118 पार्षद हैं, जो बहुमत के आंकड़े से 4 ज्यादा हैं. ऐसे में BJP-शिंदे गठबंधन अपने उम्मीदवार को आसानी से मेयर पद पर निर्वाचित करा सकता है.

विपक्ष के क्या हैं हाल?

दूसरी ओर, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (ठाकरे) को 65 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को केवल 6 सीटों से संतोष करना पड़ा. आंकड़ों के लिहाज से विपक्ष बहुमत से काफी दूर है, जिससे सत्ताधारी गठबंधन की राह आसान हो गई है.

बता दें कि BMC चुनाव के लिए 15 जनवरी को मतदान हुआ था और 16 जनवरी को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए गए थे. सदन में BJP ने अपने वरिष्ठ नेता गणेश खंकर को पार्टी का नेता नियुक्त किया है, जबकि शिवसेना ने अमय घोले को यह जिम्मेदारी सौंपी है.

मेयर चुनाव का पूरा कार्यक्रम

अधिकारियों के अनुसार, मेयर पद के लिए पात्र उम्मीदवार 7 फरवरी को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं. नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 11 फरवरी है. इसी दिन दोपहर 12 बजे नए मेयर के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी और शहर को नई महापौर मिल जाएगी.