देश में NEET-UG और अन्य परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। पहले नीट पेपर लीक को लेकर बखेड़ा खड़ा हुआ और उसके बाद महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 पेपर लीक और बवाल मच गया। हालही में महाराष्ट्र में TET परीक्षा का पेपर लीक हुआ था जिसके बाद परीक्षा को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया था। विपक्ष लगातार मामले को लेकर भाजपा पर हमला बोल रहा है। इस बीच, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की।
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर TET 2026 रद्द किए जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होने के दो हफ्ते बाद भी कोई नई तारीख घोषित नहीं की गई है, जिससे लगभग छह लाख उम्मीदवार अधर में लटके हुए हैं लेकिन परीक्षा की नई तारीख का कोई अता पता ही नहीं है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक करने वाले भाजपा के राज में खुलेमान घूम रहे हैं। व्यवस्था बेदाग है और कीमत वहीं चुका रहा है जिसने ईमानदारी से मेहनत की है।
राहुल गांधी की फडणवीस सरकार से तीन बड़ी मांगें
राहुल गांधी ने आगे कहा कि ये देश के मेहनती और भावी शिक्षक हैं, जिनके हाथों में भारत का भविष्य है। इन्होंने वर्षों तक मेहनत से तैयारी की, आवेदन भरे, परीक्षा शुल्क जमा किया और परीक्षा देने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक पहुंचे। लेकिन अब वे बिना किसी निश्चित तारीख और स्पष्ट जवाब के सिर्फ इंतजार करने को मजबूर हैं। राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा में क्रांति का समय आ गया है। अब एक ऐसा सिस्टम बनाने का जहां युवाओं को उनकी मेहनत का फल मिले, न कि प्रणाली की नाकामियों का। इसलिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मेरी तीन मांगें हैं..
- नई TET परीक्षा की तारीख तत्काल घोषित की जाए।
- पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, उम्मीदवारों को इसकी सजा न मिले।
- पेपर लीक के कारण जिन अभ्यर्थियों का एक वर्ष प्रभावित हुआ है, उन्हें आयु सीमा में उचित छूट दी जाए।
राहुल गांधी के सवालों पर सीएम फडणवीस का जवाब
महाराष्ट्र TET पेपर लीक को लेकर राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान पर अब राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का बयान भी सामने आ गया है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि वे राहुल गांधी को बताना चाहते हैं कि इस मामले की जांच हो चुकी है और कार्रवाई भी हुई है। भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा सीएम ने तंज सकते हुए कहा कि सबसे जरूरी बात यह है कि क्या राहुल गांधी यह जानकारी हमारे देश भारत में रहकर मांग रहे हैं या विदेश में कहीं बैठकर सोशल मीडिया के जरिए जवाब मांग रहे हैं।
महाराष्ट्र TET का पेपर लीक हुआ, परीक्षा रद्द हुई। 6 लाख अभ्यर्थी अधर में। दो हफ्ते हो गए, नई तारीख़ का कोई अता-पता नहीं।
लीक करने वाले आज़ाद, सिस्टम बेदाग़ और सज़ा भुगत रहा है वो जिसने ईमानदारी से मेहनत की।
ये देश के कार्यरत और होने वाले शिक्षक हैं जिनके हाथ में भारत का भविष्य…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 14, 2026





