महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे हो गया है। जहां श्रद्धालुओं से भरी पिकअप कुएं में गिर गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत की खबर है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और प्रशासन मौके पर पहुंचा। राहत और बवाव कार्य जारी है। इस दिल दहला देने वाले हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
बता दें कि यह हादसा सोलापुर जिले के मलशिरस तालुका के तंदुलवाड़ी गांव के पास म्हास्वड-पंढरपुर रोड पर हुआ है। पिकअप में सवार श्रद्धालु म्हास्वड के सिद्धनाथ मंदिर के दर्शन करके अपने गांव वापस लौट रहे थे। मरने वालों में चार महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। साथ ही 7 अन्य लोग घायल हुए हैं।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
सोलापुर पुलिस अधीक्षक अतुल कुलकर्णी ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि 15 लोगों को लेकर जा रही एक पिकअप गाड़ी चालक के नियंत्रण खो देने के कारण सड़क किनारे स्थित एक कुएं में गिर गई। हादसे में करीब 8 लोगों की मौत और 7 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गाड़ी को कुएं से बाहर निकालने की प्रक्रिया जारी है, वहीं सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
एनसीपी नेता रोहित पवार ने जताया दुख
इस भयानक हादसे पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता रोहित पवार ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर कर कहा, म्हसवाड़-पंढरपुर मार्ग पर एक पिकअप गाड़ी के कुएं में गिर जाने से मौतों की खबर बेहद दुखद, हृदयविदारक और स्तब्ध कर देने वाली है। मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि। हम सभी मृतकों के परिवारों के दुख में शामिल हैं। इस दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ-साथ, सरकारी तंत्र को बचाव कार्यों में तुरंत सहायता प्रदान करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया मुआवजे का ऐलान
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोलापुर जिले में हुए दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मालशिरस तहसील के तंडलवाड़ी क्षेत्र में एक वाहन के निजी खेत में बने कुएं में गिर जाने से कई श्रद्धालुओं की मौत की घटना अत्यंत दुखद और दिल दहला देने वाली है। मुख्यमंत्री ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत की बात यह है कि हादसे में सात लोगों की जान बच गई है। सभी घायलों का उपचार जारी है और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक तत्काल मौके पर पहुंच गए थे तथा राज्य सरकार लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है। उन्होंने ने घोषणा की कि इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।






