मंदसौर: मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा है। साथ ही आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, 700 जिंदा कारतूस ओर चार मोबाइल फोन जब्त किये हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 26 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।

बता दें कि 26 अक्टूबर को भैसोदामंडी चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मालीपुरा तिराहे पर चार व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ आने वाले हैं। सूचना मिलते ही चौकी की पुलिस एक्टिव हो गई और चारों व्यक्ति को दबोचने की रणनीति तैयार की। सूचना के आधार पर थाना भानपुरा पुलिस और चौकी भैसोदामंडी की टीम ने बताई गई जगह पर पहुंचकर चारों आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया।

दो पिस्टल, 700 जिंदा कारतूस बरामद

जब पुलिस ने चारों आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से दो पिस्टल, 700 जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किये। पुलिस के अनुसार, जब्त 700 कारतूस की कीमत 3 लाख 15 हजार रुपये, दो पिस्टल की कीमत 40 हजार रुपये और मोबाइल फोन की कीमत 71 हजार रुपये है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है एवं आगे की कार्रवाई जारी है।

चार आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदिल मिर्जा (22) राजस्थान, रिहान (19) मंदसौर, इरफान (28) और फरमान अली (76) मंदसौर के रूप में हुई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी अवैध हथियार और कारतूस कहां से लाए थे और इन्हें कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस आरोपियों के बैंक लेन-देन और कॉल डिटेल के आधार पर भी आगे की जांच कर रही है।