अभिषेक की सेंचुरी के बाद युवराज का सोशल मीडिया पोस्ट हुआ वायरल, बोले – ‘मेरा 12 गेंदों में फिफ्टी का रिकॉर्ड अभी नहीं टूटा’

अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बल्ले से ऐसा धमाका किया कि युवराज सिंह भी खुद को रोक नहीं पाए। तारीफ करते हुए युवराज ने मजाक में अभिषेक को याद दिलाया कि 12 गेंदों में अर्धशतक लगाने का उनका रिकॉर्ड अभी भी सुरक्षित है।
अभिषेक की सेंचुरी के बाद युवराज का सोशल मीडिया पोस्ट हुआ वायरल, बोले - 'मेरा 12 गेंदों में फिफ्टी का रिकॉर्ड अभी नहीं टूटा'

अभिषेक शर्मा की तूफानी सेंचुरी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में खूब सुर्खियां बटोरीं, लेकिन मैच के बाद युवराज सिंह के एक मजाकिया पोस्ट ने भी सबका ध्यान खींच लिया। दरअसल युवराज सिंह ने अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए मजाकिया अंदाज में अपनी बात रखी है। बता दें न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 में अभिषेक ने 38 गेंदों पर 113 रन बनाए जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंदों में 45 रन की पारी खेली। वहीं दोनों की बल्लेबाजी के बाद युवराज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि अभिषेक ने शानदार खेल दिखाया लेकिन 12 गेंदों में अर्धशतक लगाने का उनका रिकॉर्ड अब भी कायम है।

दरअसल युवराज ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि अभिषेक अभी भी 12 गेंदों में 50 रन नहीं बना सकते। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा लग रहा था जैसे दो बाएं हाथ के बल्लेबाज अपने घर पर खेल रहे हों। युवराज की इस पोस्ट में तारीफ के साथ हल्का-फुल्का मजाक भी था। उन्होंने अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाजी का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि वह सिंगल रन भी ले रहे थे।

अभिषेक शर्मा की सेंचुरी और वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी

बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच में भारत को 199 रन का लक्ष्य मिला था। अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत से ही तेजी से रन बनाए। अभिषेक ने 38 गेंदों में 113 रन की पारी खेली जबकि वैभव ने 19 गेंदों पर 45 रन बनाए। दोनों ने पहले 6 ओवर में बिना विकेट गंवाए 118 रन जोड़ दिए। यह पुरुष टी-20 इंटरनेशनल में पावरप्ले के दौरान बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। भारत ने इस तेज शुरुआत का फायदा उठाया और 13.2 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अभिषेक की पारी में बड़े शॉट्स की भरमार रही, जबकि वैभव ने भी तेजी से रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। मैच के बाद युवराज सिंह ने दोनों बल्लेबाजों की जोड़ी को बेहद खतरनाक बताया। युवराज ने संजू सैमसन की भी तारीफ की और उन्हें टीम मैन कहा। संजू इस मुकाबले में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे थे।

युवराज सिंह का 12 गेंदों में अर्धशतक का रिकॉर्ड

दरअसल युवराज सिंह के नाम टी-20 इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने 2007 के टी-20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 12 गेंदों में 50 रन पूरे किए थे। इसी मुकाबले में युवराज ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में लगातार 6 छक्के लगाए थे। उनका यह प्रदर्शन आज भी टी-20 क्रिकेट के यादगार पलों में गिना जाता है। अभिषेक शर्मा की तेज बल्लेबाजी के बावजूद युवराज का 12 गेंदों में फिफ्टी का रिकॉर्ड नहीं टूटा। अभिषेक इस रिकॉर्ड की सूची में 14 गेंदों में अर्धशतक लगाने के साथ दूसरे नंबर पर हैं। युवराज ने अपने पोस्ट में यह भी मजाक किया कि वह खुद 30 या 34 गेंदों में शतक नहीं लगा पाए। उनका इशारा अभिषेक की 38 गेंदों में सेंचुरी वाली पारी की ओर था। इस तरह युवराज ने युवा बल्लेबाजों के प्रदर्शन की तारीफ भी की और अपने पुराने रिकॉर्ड को लेकर मजाकिया अंदाज भी बनाए रखा।

वहीं मैच के बाद अभिषेक शर्मा ने कहा कि 12 गेंदों में 50 रन बनाना बिल्कुल आसान नहीं है और ऐसा कभी-कभी ही होता है। उन्होंने कहा कि बल्लेबाज मैदान पर किसी रिकॉर्ड को बनाने के लिए नहीं, बल्कि अपनी टीम को मैच जिताने के इरादे से उतरते हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews