मुरैना- कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण का ड्राय रन, पहले चरण में साढ़े 8 हजार वैक्सीन लगेगी

मुरैना- कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण का ड्राय रन, पहले चरण में साढ़े 8 हजार वैक्सीन लगेगी

मुरैना, संजय दीक्षित। जिले मे आज कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण के ड्राय रन का आयोजन किया गया। जिला चिकित्सालय में ड्राय रन की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें कुल दो दर्जन से अधिक स्वास्थ्यकर्मी शामिल हुए। वैक्सीन के ड्राय रन प्रक्रिया में सेन्टर पर अलग-अलग तीन कमरे बनाए गए थे। पहले कमरे में वैक्सीन लगवाने वाले मरीज का पंजीयन और  वेरिफिकेशन किया गया। दूसरे कमरे में वैक्सीन लगाई गई। वहीं तीसरा कमरा ऑब्जर्वेशन रूम का बनाया गया। जिसमें वैक्सीन लगने के बाद व्यक्ति को 30 मिनट तक रुकना होगा, ताकि किसी भी तरह की कोई दिक्कत होती है, तो उस व्यक्ति को अस्पताल तक पहुंचाया जा सके।

पहले चरण में लगभग 8 हजार 500 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। जिसमें प्राइवेट और सरकारी कर्मचारी अधिकारी शामिल होंगे। जिला टीकाकरण अधिकारी अजय गोयल ने बताया है कि पहले चरण में सरकारी, प्राइवेट डॉक्टर, नर्स स्टाफ, एएनएम, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को लगाई जाएगी। कोरोना वैक्सीन मिलने के चार से पांच दिन के अंदर इन सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन लगा दी जाएगी। इसके बाद संभवत: फरवरी में वैक्सीन का दूसरा चरण शुरू होगा। जिसमें आम जनता को वैक्सीन लगाई जाएगी। मुरैना जिले को 20 जनवरी तक कोरोना वैक्सीन मिलने की पूरी संभावना है।

वैक्सीन लगने की तैयारियां पूरी
मुरैना जिले में कोरोना वैक्सीन के नोडल अधिकारी कलेक्टर अनुराग वर्मा को बनाया गया है। वैक्सीन लगाने वाले डॉक्टर और कर्मचारियों को ट्रेनिंग भी करा दी गई है। वहीं वैक्सीन सबसे पहले जिनको लगानी लगानी है उनके पंजीयन का काम सीएमएचओ डॉ.आरसी बांदिल की निगरानी में हुआ है। हर ब्लाक स्तर पर वैक्सीन लगाने वाले डॉक्टरों की ट्रेनिंग का काम एसडीएम की निगरानी में पूरा कर लिया गया है।आज मुरैना, जौरा,पोरसा और कैलारस ब्लॉक में ड्राय रन का आयोजन किया गया।

मुरैना जिले में कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए डॉक्टर और कर्मचारियों को ट्रेनिंग भी करवा दी गई है। इनमें सेक्टर डॉक्टरों से लेकर सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्टाफ नर्स और एएनएम शामिल है। ड्राय रन की पूरी प्रक्रिया की रिहर्सल के लिए आज एडीएम उमेश शुक्ला,सीएमएचओ डॉ आरसी बांदिल,सिविल सर्जन डॉ अशोक गुप्ता,आरएमओ धर्मेंद्र गुप्ता, जिला टीकाकरण अधिकारी अजय गोयल,डीएचओ टू डॉ पद्मेश उपाध्याय और मीडिया प्रभारी रामलली माहौर सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews