जबलपुर मेट्रोपॉलिटन सिटी के विस्तार से नरसिंहपुर और कटनी सहित आसपास के क्षेत्रों में भी विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। हमने वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ घोषित किया है। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अगले वर्ष PSC परीक्षा साल में 2 बार आयोजित की जाएगी। प्रदेश में 12 नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना भी की जाएगी।
यह बातें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को नरसिंहपुर में आयोजित कार्यक्रम में कहीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 540 करोड़ की लागत से नरसिंहपुर-पिपरिया मार्ग के उन्नयन, एकांत वन कॉरिडोर और गीताभवन के निर्माण सहित क्षेत्र के विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
ये भी पढ़ें
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं, बेहतर अध्ययन कक्षों, लाइब्रेरी, खेल के मैदानों और बच्चों के लिए बस की सुविधा से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिल रही है। नए विद्यालयों के शुभारंभ से लेकर शासकीय स्कूलों में निःशुल्क साइकिल, पाठ्यपुस्तकें और गणवेश की व्यवस्था तक, विद्यार्थियों की जरूरतों को प्राथमिकता दी गई है। वहीं, मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी प्रदान कर प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नरसिंहपुर में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 35.56 लाख से अधिक हितग्राहियों को 213.41 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित की। साथ की सड़क, शिक्षा, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जुड़े 175 करोड़ से अधिक के 31 विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। इनमें 80.70 करोड़ रुपये के 10 कार्यों का लोकार्पण तथा 94.44 करोड़ रुपये के 21 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इसके अलावा लगभग 42.52 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नवीन भवन का भी लोकार्पण किया। वहीं विद्यालय को प्राप्त 15 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना अंतर्गत पात्र ग्रामीणों को संपत्ति के अधिकार अभिलेख वितरित किए।
शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नवीन भवन में क्या-क्या सुविधाएं
- शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय का 4 मंजिला नवीन भवन लगभग 42.52 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से निर्मित किया गया है।
- 2,400 विद्यार्थियों की क्षमता वाले इस भवन में शैक्षणिक, प्रयोगात्मक, रचनात्मक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
- भवन में ब्लॉक-ए, ब्लॉक-बी, मिडिल स्कूल तथा 340 व्यक्तियों की क्षमता वाला मल्टीपरपज हॉल बनाया गया है।
- भू-तल पर 8 कक्षाओं के साथ आर्ट एवं क्राफ्ट रूम, डांस रूम और म्यूजिक रूम की व्यवस्था की गई है।
- प्रथम तल पर 16, द्वितीय तल पर 26 और तृतीय तल पर 12 कक्षाएं निर्मित की गई हैं।
कंप्यूटर, साइंस, मैथ्स और वोकेशनल लैब सहित विभिन्न प्रयोगशालाओं का प्रावधान किया गया है। - तृतीय तल पर जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं भौतिक विज्ञान की प्रयोगशालाएं बनाई गई हैं।
- विद्यालय भवन में प्राचार्य एवं उप प्राचार्य कक्ष, मीटिंग हॉल, स्टाफ रूम, रिकॉर्ड रूम, परीक्षा कक्ष और काउंसलर रूम सहित आवश्यक प्रशासनिक कक्ष बनाए गए हैं।
- प्रत्येक तल पर बालक-बालिकाओं एवं दिव्यांगजनों के लिए प्रसाधन तथा सभी तलों पर पेयजल और विद्युत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
- पुस्तकालय के लिए अलग कक्ष भी उपलब्ध कराया गया है। लोक निर्माण विभाग, नरसिंहपुर के अंतर्गत कार्यपालन यंत्री (भवन) के माध्यम से इसका निर्माण कराया गया है।
80.70करोड़ रुपये के 10 कार्यों का लोकार्पण
- 80.70 करोड़ रुपये के 10 कार्यों के लोकार्पण में लोक निर्माण विभाग द्वारा गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र में 3.49 करोड़ रुपये की लागत से 4.50 KM की सिमरिया- चरगवां मार्ग से कुकलाह-सालीवाड़ा मार्ग, तेंदूखेड़ा क्षेत्र में लिंगा (भौरझीर) से नर्मदाघाट मार्ग का 0.98 करोड़ रुपये तथा कोठिया से नर्मदाघाट मार्ग का 3.71करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मार्ग शामिल है।
- गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र में बगासपुर-सहजपुर मार्ग से बकौरी तक 5 KM लंबे मार्ग का 5.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य और तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के कल्याणपुर में 1.23 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भवन भी इन विकास कार्यों में शामिल है।
- नरसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के 10गांवों में 5.83 करोड़ रुपये, गोटेगांव के 20 गांवों में 9.20 करोड़ रुपये, तेंदूखेड़ा के 12 गांवों में 5.15 करोड़ रुपये तथा गाडरवारा के 8 गांवों में 2.99 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित योजनाएं इसमें शामिल हैं। इन योजनाओं से कुल 50 गांवों में नल-जल व्यवस्था से संबंधित कार्यों को लाभ मिलेगा।
94.44करोड़ रुपये के विकास कार्यों के भूमिपूजन
- लोक निर्माण विभाग द्वारा तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में शक्ति शुगर मिल से बरैठा मार्ग (3.90 KM) के लिए 3.95 करोड़ रुपये तथा ढोडा-केसला मार्ग (4.75 KM) के लिए 7.38 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन। गाडरवारा में कोठिया से नोनिया मार्ग (2KM) के लिए 3.31 करोड़ रुपये तथा बनवारी पहुंच मार्ग के लिए 1.24 करोड़ रुपये के कार्य शामिल हैं।
- गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र में बेदू-जमुनीया-कछवा-दौन मार्ग (5.80 KM) के लिए 6.36 करोड़ रुपये, खोबी-भैंसा-राकी मार्ग के लिए 6.07 करोड़ रुपये, सिमरीबड़ी-बसखरवा-ठेमी मार्ग के लिए 3.19 करोड़ रुपये तथा ओल्ड बाबे रोड से खमरिया मार्ग के लिए 3.14 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन।
- नरसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में उमरिया-पीपरहा मार्ग के लिए 5.37 करोड़ रुपये का कार्य तथा तेंदूखेड़ा क्षेत्र में पीएम कृषि हायर सेकेंडरी स्कूल बोहानी पहुंच मार्ग के लिए 1.30 करोड़ रुपये का कार्य भी प्रस्तावित है।
- तेंदूखेड़ा में 11.28 करोड़ रुपये की लागत से नवीन 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना में दो एफ, दो जी और दो एच टाइप आवासगृहों का निर्माण भी शामिल है।
- चीचली, बारहबड़ा और नरसिंहपुर में 50-50 सीटर अनुसूचित जाति मैट्रिक बालक छात्रावासों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। प्रत्येक छात्रावास के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत है। इन तीनों कार्यों की कुल लागत 15 करोड़ रुपये है।
- गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र के साईंखेड़ा महाविद्यालय भवन में 0.73करोड़ रुपये की लागत से बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य किया जाएगा। गाडरवारा के शासकीय महाराणा प्रताप पीजी महाविद्यालय में 2.37 करोड़ रुपये की लागत से द्वितीय तल पर विस्तार, मुख्य द्वार एवं गार्ड रूम, बाउंड्रीवाल तथा सीसी रोड निर्माण कार्य प्रस्तावित है।
- गाडरवारा के 15 स्कूलों में 9.49 करोड़ रुपये, गोटेगांव के 5 स्कूलों में 4.30 करोड़ रुपये, तेंदूखेड़ा के 5 स्कूलों में 4.09 करोड़ रुपये तथा नरसिंहपुर के 4स्कूलों में 3.31 करोड़ रुपये की लागत से ये कार्य किए जाएंगे। चांवरपाठा, चीचली और गोटेगांव में 5 शासकीय माध्यमिक शालाओं के नवीन भवन निर्माण के लिए 2.55 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
